रायसेन (मध्यप्रदेश), 07 सितंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के रायसेन में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाले में गिरने से दो किशोर डूब गए। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर घाटखेड़ा गांव में शनिवार रात करीब आठ बजे हुई।
मिट्टी धंसने के कारण किशोर गिरे नाले में
उमरावगंज थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि 10 दिवसीय गणेश उत्सव के समापन पर एक ही परिवार के पांच किशोर प्रतिमा विसर्जन करने गए थे। उन्होंने कहा कि पांचों बच्चे एक पत्थर पर खड़े थे तभी वहां की मिट्टी धंस गई और वे गहरे नाले में गिर गए।
ग्रामीण पहुंचे मौके पर बचाव कार्य किया शुरू
तोमर ने कहा कि कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। एक घंटे के बाद अनुज साहू (16) का शव बरामद किया गया, जबकि नितिन साहू (17) को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया।
तीन किशोर तैरकर निकले सुरक्षित
पुलिस ने बताया कि नितिन को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया गया और भोपाल के एक अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि अन्य तीन किशोर तैरकर सुरक्षित निकलने में सफल रहे।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

