भारत ने एकतरफा मुकाबले में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया

भारत ने एकतरफा मुकाबले में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया
Share this news

दुबई, 15 सितंबर 2025 (भाषा)

कुलदीप यादव के हुनर और अक्षर पटेल के अनुशासित प्रदर्शन का पाकिस्तान के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था और भारत पाक एशिया कप के एकतरफा मुकाबले में भारत ने रविवार को पाकिस्तान को सात विकेट से हराया।

पहलगाम आतंकी हमले के कारण इस मैच के बहिष्कार की मांग के बावजूद मैदान खचाखच भरा था और 85 प्रतिशत भारतीय प्रशंसक थे जिन्होंने सूर्यकुमार यादव की टीम को पहली गेंद से आखिर पर पाकिस्तान को दबाव में रखते देखा। वहीं टॉस के समय और मैच खत्म होने के बाद भी पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया।

नौ विकेट पर 127 रन नहीं बना सकी पाक टीम

स्पिनर अक्षर ने चार ओवर में 18 रन देकर दो, कुलदीप ने चार ओवर में 18 रन देकर तीन और वरूण ने चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया। पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज इस तिकड़ी के सामने टिक नहीं सका और टीम नौ विकेट पर 127 रन ही बना सकी। जवाब में भारत ने 15 . 5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। सूर्यकुमार ने छक्का लगाकर जीत दिलाई और सीधे डगआउट में चले गए।

अभिषेक का आक्रमक अंदाज

अभिषेक शर्मा ने 12 गेंद में 31 रन बनाये और पाकिस्तान के सबसे बड़े गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की जमकर धुनाई की। अफरीदी ने दो ओवर में 23 रन दे डाले और उन्हें विकेट भी नहीं मिली। अपना 35वां जन्मदिन मना रहे सूर्यकुमार ने 37 गेंद में नाबाद 47 रन बनाये। शुभमन गिल जल्दी आउट हो गए और अभिषेक भी चौथे ओवर में लौट गए लेकिन सूर्यकुमार और तिलक वर्मा ( 31 गेंद में 31 रन) ने तीसरे विकेट के लिये 56 रन जोड़े।

दोनों टीमों के प्रदर्शन में जमीन आसमान का अंतर

भारत ने गेंदबाजी के दौरान ही एक बार फिर दिखा दिया कि दोनों टीमों के प्रदर्शन में जमीन आसमान का अंतर है। अक्षर, कुलदीप और वरूण ने मिलकर 40 डॉट गेंदें डाली और जसप्रीत बुमराह ने भी 15 डॉट गेंद फेंकी। इसी से पाकिस्तानी बल्लेबाजों पर बने दबाव का पता चल जाता है। शाहीन शाह अफरीदी ने अगर आखिर में 16 गेंद में नाबाद 33 रन नहीं बनाये होते तो पाकिस्तान 125 रन के पार भी नहीं पहुंचता।

भारतीय स्पिनरों ने बुना जाल

सूर्यकुमार यादव टॉस हार गए और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ भी नहीं मिलाया। भारत ने पहली वैध गेंद से ही दबाव बना दिया और सईम अयूब खाता खोले बिना हार्दिक पंड्या की गेंद पर प्वाइंट में बुमराह को कैच दे बैठे। बुमराह ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिये। उन्होंने पिछले मैच में सर्वाधिक रन बनाने वाले मोहम्मद हारिस (तीन) को पवेलियन भेजा। वह पूल शॉट खेलने के प्रयास में फाइन लेग में खड़े पंड्या को कैच देकर लौटे। साहिबजादा फरहान ने 44 गेंद में 40 रन बनाये और बुमराह को दो छक्के भी जड़े लेकिन भारत के किसी स्पिनर का सामना नहीं कर पाये।

यह जीत मेरी ओर से रिटर्न गिफ्ट : सूर्यकुमार

पाकिस्तान को सात विकेट से हराने के बाद कहा कि यह जीत उनके जन्मदिन पर देशवासियों के लिए ‘रिटर्न गिफ्ट’ है।सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘ यह जीत सुखद अहसास है और यह जीत मेरी तरफ से भारत को बेहतरीन ‘रिटर्न गिफ्ट’ है। मैं हमेशा कोशिश करता हूं कि अंत तक क्रीज पर बना रहूं और आज मैच समाप्त कर खुश हूं। ’’

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ खेलना भी किसी अन्य प्रतिद्वंद्वी की तरह ही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम हर विपक्षी टीम के लिए एक ही तरह की रणनीति के साथ आते हैं। कुछ महीने पहले टीम ने भारत ने कई स्पिनरों के साथ चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी और वहीं से इसकी शुरूआत हुई। मैं स्पिनरों का मुरीद हूं।’’

स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements