मुंबई, 15 सितंबर 2025 (भाषा)
विपक्षी दलों ने रविवार को दुबई में हो रहे भारत-पाक मैच के खिलाफ प्रदर्शन किया, नारे लगाए और लोगों से मैच का बहिष्कार करने का आग्रह किया।
क्या मैच का पैसा पहलगाम में मारे गए लोगों की जान से बढ़कर
महाराष्ट्र और जम्मू में शिवसेना (उबाठा) के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन हुए, जबकि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। दक्षिण भारत में, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए पूछा कि क्या मैच से कमाया गया पैसा पहलगाम में मारे गए लोगों की जान से बढ़कर है। भाजपा और केंद्र पर निशाना साधते हुए, शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने सत्तारूढ़ पार्टी के ‘‘राष्ट्रवाद और देश प्रेम’’ पर तंज कसा।
भाजपा का हिंदुत्व एक तमाशा : राउत
राउत ने कहा, ‘‘इसका (भाजपा का) हिंदुत्व एक तमाशा है। अतीत में, भारत ऐसे क्रिकेट मैचों से पीछे हटता रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) के विरोध का ज़िक्र करते हुए, राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा कि पार्टी ने उन रेस्तरां के नाम सार्वजनिक करने का संकल्प लिया है, जो मैच दिखाएंगे और ऐसे रेस्तरां का बहिष्कार करने का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘जिस रेस्तरां में क्रिकेट मैच दिखाया जाएगा, उसके नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। महाराष्ट्र में भी यही चलन अपनाया जाएगा।’’
राउत का दावा : बाल ठाकरे जीवित होते, तो ये मैच नहीं होता
राउत ने दावा किया कि भाजपा के मंत्री आशीष शेलार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मोहसिन नकवी के अधीन काम करते हैं, जो एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष हैं। राउत ने कहा कि शेलार को नैतिक आधार पर एसीसी से इस्तीफा दे देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि अगर शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे जीवित होते, तो ये मैच नहीं होता।
मैच पर फैसला प्रधानमंत्री मोदी को अंधेरे में रखकर लिया
शिवसेना (उबाठा) के सचिव और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य मिलिंद नार्वेकर ने दावा किया कि मैच पर फैसला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अंधेरे में रखकर लिया गया था। शिवसेना (उबाठा) ने पुणे, ठाणे और राज्य के अन्य स्थानों पर भी विरोध प्रदर्शन किया।
असावरी जगदाले ने किया मैच के बहिष्कार का आह्वान
पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले संतोष जगदाले की बेटी असावरी जगदाले ने एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के बहिष्कार का आह्वान किया। असावरी ने कहा, ‘‘मुझे उन लोगों के लिए गहरी शर्म महसूस हो रही है जो खेलने के लिए तैयार हैं, जो खेल का आयोजन कर रहे हैं, और जो इस शाम को जयकारे लगा रहे हैं, वे पहलगाम हमले, सैनिकों के बलिदान और वर्षों से हुए ऐसे अनगिनत हमलों को भूल रहे हैं।’’
पाक के साथ मैच देश के साथ गद्दारी : केजरीवाल
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पाकिस्तान के साथ मैच खेलना देश के साथ गद्दारी है और हर भारतीय इससे बहुत नाराज है।’’
26 नागरिकों की जान की कीमत ज्यादा या पैसे की : ओवैसी
ओवैसी ने कहा, “बीसीसीआई को एक क्रिकेट मैच से कितना पैसा मिलेगा, 2,000 करोड़ रुपये, 3,000 करोड़ रुपये? हमें बताएं कि हमारे 26 नागरिकों की जान की कीमत ज्यादा है या पैसे की? भाजपा को हमें (पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने के फैसले पर) इस बारे में बताना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ‘देश भक्ति’ की बात करती है, लेकिन जब क्रिकेट मैचों की बात आती है, तो वह रुख बदल लेती है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

