जम्मू कश्मीर : नवरात्र पर फूलों से सजा माता वैष्णो देवी मंदिर, भक्तों के लिए उत्सव का माहौल

जम्मू कश्मीर : नवरात्र पर फूलों से सजा माता वैष्णो देवी मंदिर, भक्तों के लिए उत्सव का माहौल
Share this news

कटरा/जम्मू, 22 सितंबर 2025 (भाषा)

जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर को रविवार को शारदीय नवरात्र की पूर्व संध्या पर फूलों से सजाया गया है जिससे अगले नौ दिनों में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए उत्सव का माहौल बन गया है।

यात्रियों के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने भी तीर्थयात्रियों का मार्गदर्शन करने, भारी भीड़ का प्रबंधन करने और 12 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए स्वयंसेवकों को तैनात किया है। देश के विभिन्न भागों से आने वाले पर्यटकों को आरामदायक तीर्थयात्रा का अनुभव प्रदान करने के लिए पेयजल, चिकित्सा सहायता और भीड़ प्रबंधन उपायों सहित अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

नवरात्र का वैष्णो देवी मंदिर में विशेष महत्व

बाईस सितंबर से एक अक्टूबर तक चलने वाले नवरात्र, देवी दुर्गा की उपासना के लिए समर्पित है और इसका माता वैष्णो देवी मंदिर में विशेष महत्व है, जहां इस दौरान सबसे अधिक तीर्थयात्री आते हैं। श्रद्धालु भजन गाते और प्रार्थना करते समृद्धि और कल्याण का आशीर्वाद मांगते हुए, चढ़ाई चढ़ते हैं।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए पूरे रास्ते में स्वयंसेवक भी तैनात

एसएमवीडीएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने कहा, ‘‘मंदिर बोर्ड त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि हेल्प डेस्क के अलावा, इस साल पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने और उनके सवालों के जवाब देने के लिए स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। सीईओ ने कहा, ‘‘स्वयंसेवकों की पहचान उनके पहनावे से होगी, जिस पर लिखा होगा ‘मैं आपकी कैसे मदद कर सकता हूं’। उन्हें मार्ग पर तैनात किया गया है।’’

श्रद्धालुओं का आंकड़ा बढ़ रहा

अधिकारियों ने बताया कि पिछले पांच दिनों में मंदिर आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में वृद्धि देखी गई है और शुक्रवार को 4,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों को वैध पहचान पत्र साथ रखने, निर्धारित मार्गों का अनुपालन करने और कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की सलाह दी जाती है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और पता लगाने के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिटी कार्ड (आरएफआईडी) आधारित ट्रैकिंग अनिवार्य है।

रामलीला आयोजन धार्मिक जुलूसों के लिए निर्देश

धार्मिक जुलूसों के लिए मार्गों की सावधानीपूर्वक योजना बनाने और रामलीला के आयोजन के लिए स्थलों के चयन के भी निर्देश दिए गए। आईजी ने जिला एसएसपी को त्योहारों के लिए पुलिस तैनाती और यातायात योजना तैयार करने का निर्देश दिया।

धार्मिक स्थलों पर एम्बुलेंस दमकल गाड़ियां तैनात

प्रवक्ता ने बताया कि स्वास्थ्य और अग्निशमन आपातकालीन विभागों को धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त चिकित्सकों और कर्मचारियों के साथ अपनी एम्बुलेंस और दमकल गाड़ियां तैनात करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि उपायुक्तों को पटाखों की बिक्री के लिए चिन्हित स्थलों पर पर्याप्त अग्नि सुरक्षा उपाय लागू करने को कहा गया है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements