बड़वानी में तेंदुए ने किया आठ साल की बच्ची पर हमला, ली जान

बड़वानी में तेंदुए ने किया आठ साल की बच्ची पर हमला, ली जान
Share this news

बड़वानी (मध्यप्रदेश), 22 सितंबर 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के एक गांव में रविवार को एक तेंदुए ने आठ साल की एक बच्ची को उसकी मां के सामने खेत में मार डाला। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 37 किलोमीटर दूर राजपुर उपमंडल के तहत किरता फलिया गांव में हुई।

मां ने शोर मचाया तो मासूम को छोड़कर जंगल की ओर भागा तेंदुआ 

तेंदुए के लड़की को गिरफ्त में लेने के बाद उसकी मां और खेत में काम करने वाले अन्य मजदूरों ने शोर मचाया और उसका पीछा किया। बाद में जानवर गंभीर रूप से घायल लड़की को छोड़कर जंगल में भाग गया। ग्रामीणों ने लड़की को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तेंदुए द्वारा गर्दन पर दोनों तरफ से हमला करने से हुई मासूम की मौत

ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र रोमडे के अनुसार, मृतक लड़की की पहचान गीता के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि तेंदुए ने गीता की गर्दन पर दोनों तरफ से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रभागीय वन अधिकारी आशीष बंसोड़ के अनुसार इलाके में पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं।

वन विभाग ने तेंदुए का पता लगाया, गिरफ्त में लेने के प्रयास जारी

वन विभाग की गश्ती टीमों को भी चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। बंसोड़ ने कहा कि उन्होंने तेंदुए का पता लगा लिया है और उसे गिरफ्त में लेने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि इसने हाल में एक बकरी को मार डाला था। तेंदुए के हमले में यह दूसरी मौत है और विगत 35 दिनों में क्षेत्र में तेंदुए का तीसरा हमला है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements