इंदौर (मध्यप्रदेश), 23 सितम्बर 2025 (भाषा)
इंदौर के रानीपुरा क्षेत्र में सोमवार रात बारिश के बाद तीन मंजिला इमारत ढही जिससे इस हादसे में युवती समेत दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि 12 अन्य घायल हो गये, जिन्हें मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पांच घंटे चला बचाव अभियान समाप्त
इंदौर के जिलाधिकारी शिवम वर्मा ने बताया, ‘‘हमारा करीब पांच घंटे चला बचाव अभियान समाप्त हो चुका है। हादसे के बाद इमारत के मलबे में एक ही परिवार के 14 लोग दबे थे। इनमें से 12 लोगों को मलबे से बाहर निकालकर शासकीय महाराजा यशवंत राव चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।’’
मृतकों की पहचान
- अलीफा (20)
- फहीमुद्दीन अंसारी उर्फ फहीम (40)
घायलों में से चार की हालत नाजुक
शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि हादसे के 12 घायलों में तीन माह की एक बच्ची भी है। उन्होंने बताया कि घायलों में से चार लोगों की हालत नाजुक है। यह चिकित्सालय इसी महाविद्यालय से जुड़ा है।
इमारत आठ से 10 साल पुरानी
मौके पर पहुंचे महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे की शिकार इमारत आठ से 10 साल पुरानी है। भार्गव ने बताया कि इस इमारत का कुछ हिस्सा पड़ोस के भवन पर भी गिरा।
वर्तमान स्थिति
चश्मदीदों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य के मद्देनजर रानीपुरा क्षेत्र की बिजली एहतियातन काट दी गई और पुलिस को तमाशबीनों की भीड़ को घटनास्थल से दूर करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

