भारत को बेरोजगारी और ‘वोट चोरी’ से मुक्त कराना सबसे बड़ी देशभक्ति : राहुल गांधी

भारत को बेरोजगारी और 'वोट चोरी' से मुक्त कराना सबसे बड़ी देशभक्ति : राहुल गांधी
Share this news

नयी दिल्ली, 23 सितंबर 2025 (भाषा)

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि बेरोजगारी और “वोट चोरी” का सीधा संबंध है तथा अब भारत को अब इन दोनों से मुक्त कराना ही अब सबसे बड़ी देशभक्ति है।

राहुल गांधी ने किए अलग-अलग वीडियो साझा

राहुल गांधी ने बिहार के कुछ युवाओं पर लाठीचार्ज और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सैर करने से संबंधित अलग-अलग वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किए और कहा कि युवा समझ चुका है कि असली लड़ाई सिर्फ नौकरियों की नहीं, बल्कि “वोट चोरी” के खिलाफ है, क्योंकि जब तक चुनाव चोरी होते रहेंगे, तब तक बेरोज़गारी और भ्रष्टाचार भी बढ़ते रहेंगे।

भारत में युवाओं की सबसे बड़ी समस्या बेरोज़गारी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, “भारत में युवाओं की सबसे बड़ी समस्या बेरोज़गारी है – और इसका सीधा रिश्ता “वोट चोरी” से है। जब कोई सरकार जनता का विश्वास जीतकर सत्ता में आती है, तो उसका पहला कर्तव्य होता है युवाओं को रोज़गार और अवसर देना।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा चुनाव ईमानदारी से नहीं जीतती और वह “वोट चोरी” और संस्थाओं को कैद कर के सत्ता में बनी रहती है।

बेरोज़गारी 45 साल के उच्चतम स्तर पर

उन्होंने कहा, “इसीलिए बेरोज़गारी 45 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है। इसीलिए नौकरियां घट रही हैं, भर्ती प्रक्रियाएं ध्वस्त हो गई हैं और युवाओं का भविष्य अंधेरे में धकेला जा रहा है। इसीलिए हर परीक्षा पेपर लीक और हर भर्ती भ्रष्टाचार की कहानियों से जुड़ी रहती है।”

राहुल ने लगाया सरकार पर आरोप

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, “देश का युवा मेहनत करता है, सपने देखता है और अपने भविष्य के लिए संघर्ष करता है। लेकिन मोदी जी सिर्फ अपने पीआर, ‘सेलिब्रिटीज़’ से अपना गुणगान करवाने और अरबपतियों के मुनाफे में व्यस्त हैं। “राहुल गांधी ने दावा किया कि युवाओं की उम्मीदों को तोड़ना और उन्हें हताश करना इस सरकार की पहचान बन चुकी है।

उन्होंने दावा किया, “अब युवा न नौकरी की लूट सहेंगे, न वोट की चोरी भारत को बेरोज़गारी और वोट चोरी से मुक्त करना ही अब सबसे बड़ी देशभक्ति है।”

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements