इंदौर (मध्यप्रदेश), 25 सितंबर 2025 (भाषा)
इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर चूहे के काटने से घायल यात्री के साथ असंवेदनशील बर्ताव के कारण नाराज हवाई अड्डा प्रबंधन ने बृहस्पतिवार को इस परिसर में नियुक्त चिकित्सक को हटाए जाने का फैसला किया। चूहा कांड के बाद हवाई अड्डे पर कीट नियंत्रण के ठेके वाली एक निजी एजेंसी की भी जिम्मेदारी तय करते हुए उस पर जुर्माना लगाया गया है।
क्या हैं घटना?
इंदौर से बेंगलुरु जा रहे एक पुरुष यात्री को मंगलवार को स्थानीय हवाई अड्डे के प्रस्थान क्षेत्र में चूहे ने काट लिया था। यात्री की शिकायत के मुताबिक, चूहा अचानक उसकी पतलून में घुस गया था और उसे बाहर निकाले जाने की कोशिश के दौरान उसके पैर पर काट लिया था।
यात्री ने किया हंगामा
यात्री ने इस घटना को लेकर हंगामा किया था और अपने एक निजी चिकित्सक की सलाह पर रैबीज का इंजेक्शन लगाए जाने की मांग की थी, लेकिन यह इंजेक्शन हवाई अड्डे के चिकित्सा कक्ष में उपलब्ध नहीं था। हंगामे के बाद इस यात्री को हवाई अड्डे के चिकित्सक ने टिटनेस का इंजेक्शन लगाया गया था, उसके जख्म की मरहम-पट्टी की थी और उसे एंटीबायोटिक टेबलेट दी थी।
चिकित्सक ने किया यात्री के साथ असंवेदनशील बर्ताव
हवाई अड्डे के निदेशक विपिनकांत सेठ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह चिकित्सक तीसरे पक्ष के उस निजी अस्पताल से जुड़ा है जिसके साथ हवाई अड्डे का अनुबंध है। उन्होंने बताया, ‘‘हमें पता चला है कि चूहे के काटने से घायल यात्री के साथ चिकित्सक ने असंवेदनशील बर्ताव किया था, हालांकि मरीज के प्रति चिकित्सक का रवैया अशिष्ट नहीं था। हमने संबंधित अस्पताल से कहा है कि वह इस चिकित्सक को हटाकर किसी दूसरे चिकित्सक को हवाई अड्डा परिसर में नियुक्त करे।’’
सेठ ने बताया कि हवाई अड्डा परिसर में कीट नियंत्रण के ठेके वाली निजी एजेंसी पर निविदा की शर्तों के मुताबिक 500 रुपये का पहला जुर्माना लगाया गया है और साफ-सफाई के ठेके से जुड़ी एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

