बुरहानपुर में नाबालिग लड़की ने प्रसूति के फौरन बाद बच्ची को अस्पताल की पहली मंजिल से नीचे फेंका

बुरहानपुर में नाबालिग लड़की ने प्रसूति के फौरन बाद बच्ची को अस्पताल की पहली मंजिल से नीचे फेंका
Share this news

बुरहानपुर, 30 सितंबर 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में 16 वर्षीय एक लड़की ने प्रसूति के तत्काल बाद लोकलाज के कारण अपनी नवजात बच्ची को अस्पताल की पहली मंजिल से नीचे फेंका। पुलिस ने नाबालिग लड़की के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए इस घटना की जांच शुरू कर दी है। जमीन पर पड़े कचरे के ढेर पर गिरने से नवजात बच्ची की जान बच गई।

15 फुट की ऊंचाई से कचरे के ढेर पर गिरी बच्ची

बच्ची लगभग 15 फुट की ऊंचाई से कचरे के ढेर पर गिरी और गले पर चोट की वजह से उसे नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल की इकाई (एसएनसीयू) में भर्ती किया गया। लालबाग थाना प्रभारी अमित सिंह जादौन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नाबालिग लड़की ने जिला चिकित्सालय के शौचालय में रविवार को बच्ची को जन्म दिया और इसके तत्काल बाद उसे अस्पताल की पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया। “पहली नजर में लगता है कि अविवाहित लड़की ने सामाजिक बदनामी के डर से यह कदम उठाया।”

लड़की से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग लड़की के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 93 (12 वर्ष से कम उम्र के बच्चे का उसकी मां द्वारा परित्याग किया जाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच के बाद नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में 19 साल के एक युवक के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।

बाल कल्याण समिति करेगी परिजनों से बात

इस बीच, घटना की जानकारी मिलने पर बाल कल्याण समिति के सदस्य भी जिला चिकित्सालय पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष विजया सिंह चौहान ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा, ‘‘हम पता लगा रहे हैं कि नाबालिग प्रसूता की मानसिक स्थिति कैसी है? उसके परिजनों से भी बात की जाएगी। इसके बाद आगामी कदम उठाए जाएंगे।’’

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements