लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने अपने गृह क्षेत्र बेनीपट्टी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई

लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने अपने गृह क्षेत्र बेनीपट्टी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई
Share this news

जबलपुर (मध्यप्रदेश), 07 अक्टूबर 2025 (भाषा)

पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से मुलाकात के बाद लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने मंगलवार को अपने गृह क्षेत्र बेनीपट्टी से बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। यहां नर्मदा महोत्सव में प्रस्तुति देने आईं मैथिली ने कहा कि उनका उनके गृह क्षेत्र से अलग ही जुड़ाव है और अगर वह अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत वहां से करेंगी तो वह बहुत कुछ सीख सकेंगी।

तावडे और राय से मैथिली की मुलाकात

मैथिली ठाकुर ने पिछले दिनों भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार के संगठन प्रभारी विनोद तावडे और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की थी। इसके बाद से उनके चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

छह और ग्यारह नवंबर को होगा मतदान

निर्वाचन आयोग ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा की। वहां दो चरणों में छह और ग्यारह नवंबर को मतदान होगा जबकि 14 नवंबर को मतों की गिनती होगी।

यहां से लड़ना चाहती हैं चुनाव

पसंद के विधानसभा चुनाव क्षेत्र के बारे में पूछे जाने पर मैथिली ठाकुर ने पत्रकारों से कहा, ‘‘इस बारे में अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन मैं अपने गांव के क्षेत्र जाना चाहूंगी क्योंकि वहां से एक अलग जुड़ाव है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वहां से शुरू हो तो मुझे सीखने का भी मौका मिलेगा। लोगों से मिलना-जुलना, लोगों से बातें करना… मुझे ज्यादा समझ में आएगा अगर मैं अपने गांव से शुरुआत करूं तो।’’

11 वर्ष की उम्र में की गीत-संगीत की शुरुआत

मैथिली ठाकुर का जन्म बिहार के मधुबनी जिले में बेनीपट्टी में हुआ था। वह एक मैथिल संगीतकार और संगीत शिक्षक रमेश ठाकुर और भारती ठाकुर की बेटी हैं। मैथिली ठाकुर इसी साल जुलाई में 25 साल की हुई हैं। साल 2011 में महज 11 वर्ष की उम्र में मैथिली ने गीत-संगीत के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई और तब से वह इस क्षेत्र में सक्रिय हैं।

बेनीपट्टी का प्रतिनिधित्व : विनोद नारायण झा

वर्तमान में बिहार विधानसभा में बेनीपट्टी का प्रतिनिधित्व भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा कर रहे हैं। अड़सठ वर्षीय झा ने 2020 में ब्राह्मण बाहुल्य वाली इस सीट पर कांग्रेस की भावना झा को तीस हजार से भी अधिक मतों से हराया था।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements