रायवरम (आंध्र प्रदेश), 09 अक्टूबर 2025 (भाषा)
आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर आंबेडकर कोनासीमा जिले में बुधवार को पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।
चिंगारी से लगी पटाखों के भंडार में आग
रामचंद्रपुरम उप-विभागीय पुलिस अधिकारी बी रघुवीर के अनुसार, चिंगारी से पटाखों के भंडार में आग लग गई, जिसके कारण कई विस्फोट हुए और धुएं का गुबार उठा। उन्होंने बताया, ‘‘पटाखे में रासायनिक सामग्री भरते समय चिंगारी उत्पन्न हुई, जिसके परिणामस्वरूप विस्फोट हुआ और भीषण आग लग गई।”
पटाखा निर्माण फैक्टरी में यह घटना दोपहर करीब एक बजे हुई। कंपनी श्री गणपति ग्रैंड फायर वर्क्स 1932 से पटाखों के कारोबार में है। डॉ. बीआर आंबेडकर कोनासीमा जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राहुल मीणा ने बताया कि यह लाइसेंस प्राप्त पटाखा फैक्टरी है।
चेतावनी के बावजूद जारी था काम
रघुवीर के अनुसार, फैक्टरी को पिछले एक पखवाड़े में दो बार बार-बार चेतावनी दी गई और राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा नोटिस भी जारी किए गए। जैसे ही पटाखों में आग लगी, विस्फोट होने लगे तथा फैक्टरी से सफेद धुएं का घना गुबार उठने लगा। घटना के बाद, स्थानीय लोगों के प्रयासों से आग पर काबू पाया गया।
पीएम मोदी और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना में जान-माल के नुकसान पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा ‘एक्स’ पर किये गये एक पोस्ट के अनुसार, मोदी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पटाखा फैक्टरी में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बचाव कार्यों की निगरानी के लिए दुर्घटनास्थल का दौरा करने का निर्देश दिया और पीड़ित परिवारों को सहायता का वादा किया।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

