कोलकाता, 12 अक्टूबर 2025 (भाषा)
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ ‘सामूहिक बलात्कार’ में संलिप्तता के आरोप में रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान अभी उजागर नहीं की है।
तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त
पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। यह बेहद संवेदनशील मामला है और हम आगे की जानकारी बाद में देंगे।’’ तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं।
क्या है मामला?
ओडिशा की एक मेडिकल छात्रा के साथ दुर्गापुर में अज्ञात लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया। यह घटना शुक्रवार रात दुर्गापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर उस समय हुई जब द्वितीय वर्ष की छात्रा अपने एक दोस्त के साथ भोजन करने के लिए बाहर गई थी।
पीड़िता की हालत में सुधार
ओडिशा से दुर्गापुर पहुंचे लड़की के माता-पिता ने ‘न्यू टाउनशिप’ पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। अधिकारी ने बताया कि पीड़िता पश्चिम बंगाल के जिस निजी कॉलेज एवं अस्पताल में पढ़ती थी वहीं उसका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की हालत में ‘‘सुधार’’ बताया जा रहा है और उसने पुलिस अधिकारियों को अपना बयान दे दिया है।
अपराध में और लोगों के शामिल होने की आशंका
पुलिस से जुड़े एक सूत्र ने कहा, ‘‘तीनों आरोपियों का पता ‘मोबाइल फोन टावर डंपिंग’ विधि से लगाया गया। अपराध में और लोग भी शामिल हो सकते हैं इसलिए तलाश जारी है। हम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या ये लोग पीड़िता या उसके उस दोस्त को जानते थे जिसके साथ वह कॉलेज से बाहर गई थी। उसके दोस्त की भूमिका भी जांच के दायरे में है।’’
क्या हैं मोबाइल फोन टावर डंपिंग?
‘मोबाइल फोन टावर डंपिंग’ विधि के तहत कानून प्रवर्तन एजेंसी किसी एक भौगोलिक क्षेत्र से विशिष्ट समयावधि का मोबाइल फोन डेटा एकत्र कर उनका विश्लेषण करती हैं। आरोपियों ने पीड़िता के मोबाइल फोन का इस्तेमाल अन्य आरोपियों को घटनास्थल पर बुलाने के लिए किया था जिससे उन्हें सभी आरोपियों के मोबाइल फोन नंबर पहचानने में मदद मिली।
निजी कॉलेज से सटे कई इलाकों में छापेमारी
आरोपियों को पकड़ने के लिए ओडिशा निजी कॉलेज से सटे कई इलाकों में शनिवार को छापे मारे गए। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने उस जंगल से भी सबूत इकट्ठा किए जहां घटना हुई थी।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

