परीक्षा रुकवाने प्राचार्य की मौत का फर्जी पत्र प्रसारित किया, दो छात्रों पर मामला दर्ज

परीक्षा रुकवाने प्राचार्य की मौत का फर्जी पत्र प्रसारित किया, दो छात्रों पर मामला दर्ज
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 16 अक्टूबर 2025 (भाषा)

इंदौर के एक प्रतिष्ठित महाविद्यालय में परीक्षा रुकवाने के लिए प्राचार्य की मौत का फर्जी पत्र तैयार करके इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में दो छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

दो छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज

भंवरकुआं पुलिस थाने के प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन की शिकायत पर बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) पाठ्यक्रम के तृतीय सेमेस्टर के दो छात्रों के खिलाफ बुधवार रात मामला दर्ज किया गया। यादव ने बताया कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4) (किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के इरादे से जान-बूझकर नकली दस्तावेज बनाना) के तहत पंजीबद्ध किया गया।

परीक्षा से बचने का शातिर प्लान

दोनों आरोपियों ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों के नियमित मूल्यांकन के लिए होने वाली ऑनलाइन परीक्षा रुकवाने और कक्षाएं स्थगित कराने की साजिश के तहत इस संस्थान की प्राचार्य की मौत का झूठा पत्र तैयार किया और इसे 14 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।

जानने पत्र में क्या लिखा?

महाविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि ‘आवश्यक सूचना’ के शीर्षक वाले पत्र को इस संस्थान के लेटरहेड की नकल करते हुए तैयार किया गया था और इसमें कहा गया था कि प्राचार्य जैन के ‘आकस्मिक देहांत’ के कारण 15 अक्टूबर और 16 अक्टूबर को होने वाली ऑनलाइन परीक्षा स्थगित कर दी गई है और सभी विषयों की कक्षाओं को भी स्थगित किया जाता है।

पत्र से मैं और मेरे परिजन बेहद परेशान

महाविद्यालय की प्राचार्य जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘इस फर्जी पत्र के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद से मैं और मेरे परिजन बेहद परेशान हैं। पत्र को सही मानकर कई लोग शोक जताने के लिए मेरे घर भी पहुंच गए थे।’’ उन्होंने कहा कि पुलिस को दोनों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि आइंदा ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

जैन ने किसी भी व्यक्ति का नाम लिए बगैर कहा कि लम्बे समय से कुछ विघ्नसंतोषी तत्व अलग-अलग हरकतों से उन्हें परेशान कर रहे हैं ताकि वह प्राचार्य के तौर पर अपने शासकीय कर्तव्य को ठीक से नहीं निभा सकें।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements