कार्बाइड पाइप गन हादसा : दीपावली पर खतरनाक गन के इस्तेमाल से चोटिल 60 लोग भोपाल के अस्पतालों में भर्ती

कार्बाइड पाइप गन हादसा : दीपावली पर खतरनाक गन के इस्तेमाल से चोटिल 60 लोग भोपाल के अस्पतालों में भर्ती
Share this news

भोपाल, 23 अक्टूबर 2025 (भाषा)

दीपावली के मौके पर भोपाल में ‘खतरनाक’ कैल्शियम कार्बाइड पाइप गन के इस्तेमाल से चोटिल 60 से अधिक लोग राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनमें अधिकांश आठ से 14 साल के बच्चे हैं। सभी लोग सुरक्षित हैं लेकिन कुछ लोगों के चेहरे झुलस गए हैं तो कुछ के आंखों की रोशनी भी खतरे में पड़ गई है।

कार्बाइड पाइप गन हादसा : 60 घायल, इलाज जारी

भोपाल के मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) मनीष शर्मा ने पीटीआई वीडियो से बातचीत में कहा, “कार्बाइड पाइप गन काफी खतरनाक है। इसके इस्तेमाल से चोटिल 60 लोगों का राजधानी के अस्पतालों में अभी भी इलाज जारी है लेकिन सब सुरक्षित हैं।” उन्होंने कहा कि सेवा सदन अस्पताल में पांच लोगों का इलाज हो रहा है जबकि अन्य लोग हमीदिया अस्पताल, जेपी अस्पताल और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती हैं।

बच्ची की आंखों की रौशनी बचाने की जद्दोजहद

दीपावली के अगले दिन पूरे भोपाल शहर में ऐसे 150 से अधिक मामले सामने आए थे, जिनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि एम्स में भर्ती 12 वर्षीय बच्चे की आंखों की रौशनी लौटाने के लिए चिकित्सकों की टीम प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि हमीदिया में भर्ती ऐसे ही दो और बच्चों की आंखों की रौशनी लौटाने के लिए उपचार जारी है। हमीदिया अस्पताल में अभी करीब 10 बच्चे भर्ती हैं।

देसी गन का खतरनाक खेल

गैस लाइटर, प्लास्टिक पाइप और कैल्शियम कार्बाइड के इस्तेमाल से बनाया गया यह देसी गन इस दीपावली प्रचलन में रहा। गन में भरा कैल्शियम कार्बाइड जैसे ही पानी से मिलता है तो एसिटिलीन गैस बनाता है और चिंगारी मिलते ही विस्फोट होता है। विस्फोट से पाइप के टूटने पर निकलने वाले छोटे-छोटे प्लास्टिक के टुकड़े छरों की तरह शरीर में घुसकर गंभीर चोटें करते हैं और शरीर के विभिन्न हिस्सों को नुक़सान पहुंचाते हैं, विशेषकर आंखों, चेहरे और त्वचा को।

परिजनों की मांग: कार्बाइड गन पर लगाएं प्रतिबंध

हमीदिया अस्पताल में भर्ती 14 साल के हेमंत पंथी और 15 साल के आरिस के परिजनों ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में इस कार्बाइड गन के लिए प्रशासन को ज़िम्मेदार ठहराया और इस गन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध की मांग की। आरिस के पिता सरीख ख़ान ने कहा कि इस प्रकार के गन बाजार में बिकने ही नहीं चाहिए।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements