आंध्र प्रदेश के कुरनूल में निजी बस में आग लगी, 20 लोगों की मौत

आंध्र प्रदेश के कुरनूल में निजी बस में आग लगी, 20 लोगों की मौत
Share this news

कुरनूल (आंध्र प्रदेश), 24 अक्टूबर 2025 (भाषा)

हैदराबाद से बेंगलुरू जा रही एक निजी बस में शुक्रवार को एक दोपहिया वाहन से टक्कर के बाद आग लग गई, जिससे 20 लोगों की मौत हो गई। अधिकतर व्यक्तियों की मौत आग में झुलसने से हुई। मृतकों में बाइक सवार भी शामिल है।

कई नेताओं ने किया दुःख व्यक्त

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त किया।

शवों की पहचान में जुटी फोरेंसिक टीम

कुछ शव इतने जल चुके थे कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी, जिसके कारण अधिकारियों को मृतकों के डीएनए नमूने एकत्र करने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाना पड़ा। एक अधिकारी ने बताया कि कई यात्री इस दुर्घटना में बच नहीं पाए क्योंकि यह रात में उस समय हुई जब वे सो रहे थे।

दुर्घटना में 19 शव बरामद, जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल कुरनूल में चिन्नातेकुर के पास बस से टकरा कर उसके नीचे आ गई और उसका ईंधन टंकी का ढक्कन खुल गया। कुरनूल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कोया प्रवीण ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘अब तक जली हुई बस से 19 शव निकाले जा चुके हैं। बाइक सवार का शव मुर्दाघर में है।’’ उन्होंने कहा कि हताहतों और जीवित बचे लोगों की पूरी स्थिति, पूरी जांच और दुर्घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान के बाद ही सामने आएगी।

बस हादसे में 21 लोगों का चला पता , बाकी की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाजा जाम हो गया और बस कुछ ही मिनट में पूरी तरह जल गई। पुलिस ने बताया कि अधिकतर जीवित बचे लोगों की उम्र 25 से 35 साल के बीच है। जिला कलेक्टर ए. सिरी ने बताया कि बस में 41 लोग सवार थे, जिनमें चालक भी शामिल था। बस में सवार 41 लोगों में से 21 का पता लगा लिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में बच गए लोगों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

रात में सोते वक्त हुआ हादसा

कई यात्री इस हादसे के बाद बस से बाहर नहीं निकल पाये क्योंकि यह रात में हुआ जब वे सो रहे थे। उन्होंने बताया कि बस का दरवाजा तुरंत नहीं खुला क्योंकि कुछ तार कट गए थे जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई। सिरी ने बताया कि अधिकतर यात्री हैदराबाद के थे। अधिकारियों ने शुरू में कहा था कि बस पड़ोसी राज्य तेलंगाना के हैदराबाद जा रही थी। प्रवीण ने बताया कि पुलिस सुरक्षा एहतियात बरत रही है और बस का डीजल टैंक खाली कर रही है। प्रवीण ने बताया कि इस बीच, जले हुए शवों के डीएनए नमूने लेने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों की एक टीम मौके पर पहुंच गई है।

डीआईजी ने कहा कि जिस बस में आग लगी, उसमें अग्नि नियंत्रण के कोई उपाय मौजूद नहीं थे, जिससे यात्रा के दौरान सुरक्षा अनुपालन और आपातकालीन तैयारियों में खामियों का पता चलता है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements