बुरहानपुर/इंदौर, 24 अक्टूबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले की थोक मंडियों में केले के गिरते भावों से परेशान कृषकों के विरोध प्रदर्शनों के बीच एक किसान ने इस फसल को उचित दाम दिलाए जाने की मांग के प्रति सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए अनोखा संकल्प किया है।इस किसान ने घोषणा की है कि जब तक केले की फसल को सही दाम नहीं मिलेंगे, वह अर्धनग्न रहेगा और पैरों में जूते-चप्पल भी नहीं पहनेगा।
केला उत्पादक किसानों का विरोध प्रदर्शन
महाराष्ट्र सीमा पर स्थित बुरहानपुर, मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा केला उत्पादक जिला है जहां कई किसानों की आजीविका इस फसल पर निर्भर है। जिले के केला उत्पादक किसान किशोर वासनकर (44) ने बृहस्पतिवार को फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘जब तक बुरहानपुर के केला उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलता, तब तक मैं अपने शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई भी वस्त्र और पैरों में जूते-चप्पल नहीं पहनूंगा।’’
केले के दाम गिरे, किसान हुए परेशान
वासनकर के अनुसार बुरहानपुर जिले में 2018 से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत केले की फसल का बीमा नहीं किया जा रहा है, जबकि पड़ोस के महाराष्ट्र में केला उत्पादक किसानों को केंद्र सरकार की इस योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बुरहानपुर की थोक मंडियों में केले की फसल के दाम गिरकर दो से तीन रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए हैं जिससे किसानों के लिए इसकी खेती भारी घाटे का सौदा बन गई है और वे कर्ज में डूब गए हैं। वासनकर ने कहा,‘‘किसानों से बेहद सस्ते दामों पर केला खरीदकर उसे खुदरा बाजार में महंगे दामों पर बेचा जा रहा है। यह एक बड़ा विरोधाभास है।’’
जिलाधिकारी कार्यालय में जबरन घुसने का प्रयास
इस बीच, अपने ट्रैक्टरों के साथ बड़ी तादाद में जुटे किसानों ने केले की फसल को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे में लाए जाने और अन्य मांगों को लेकर बुरहानपुर में उग्र विरोध प्रदर्शन किया। चश्मदीदों के मुताबिक प्रदर्शनकारी किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय में जबरन घुसने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोका। चश्मदीदों ने बताया कि धक्का-मुक्की के कारण जिलाधिकारी कार्यालय के प्रवेश द्वार का कांच फूट गया।
बहरहाल, शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) गौरव पाटिल ने कहा कि किसानों को समझाए जाने के बाद उनका प्रदर्शन ‘शांतिपूर्ण ढंग से’ बीत गया।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

