लालू प्रसाद ने राजग सरकार पर छठ पर पर्याप्त ट्रेन नहीं चलवाने का आरोप लगाया

लालू प्रसाद ने राजग सरकार पर छठ पर पर्याप्त ट्रेन नहीं चलवाने का आरोप लगाया
Share this news

पटना, 25 अक्टूबर 2025 (भाषा)

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद ने शनिवार को केंद्र सरकार पर छठ पूजा के दौरान अपने घर आने के इच्छुक बिहार के प्रवासी श्रमिकों के लिए पर्याप्त ट्रेन नहीं चलाने का आरोप लगाया और कहा कि वे लोग “अमानवीय परिस्थितियों में यात्रा करने को मजबूर” हैं।

यात्री अमानवीय तरीके से ट्रेनों में यात्रा करने के लिए मजबूर

पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें लोग त्योहार के लिए बिहार जाने वाली ठसाठस भरी ट्रेन में यात्रा करते यात्री दिखाई दे रहे हैं। राजद प्रमुख ने ‘एक्स’ पर लिखा, “झूठ के बेताज बादशाह और जुमलों के सरदार ने शेखी बघारते हुए कहा था कि देश की कुल 13,198 ट्रेनों में से 12,000 रेलगाड़ियां छठ पर्व के अवसर पर बिहार के लिए चलाई जायेंगी। यह भी सफेद झूठ निकला। मेरे बिहार वासियों को अमानवीय तरीके से ट्रेनों में यात्रा करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।”

सरकार छठ पर रेलगाड़ियों की क्यों नहीं कर पा रही सुविधा सुनिश्चित

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने हाल ही में बिहार में एक जनसभा में कहा था कि रेल मंत्रालय ने छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इस बार विशेष रेलगाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 12,000 कर दी है। लालू प्रसाद ने कहा, “ 20 साल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में पलायन का दंश झेल रहे बिहारियों के लिए लोक आस्था के महापर्व छठ पर भी ये लोग रेलगाड़ियां ढंग से नहीं चलवा सकते।”

समस्याओं का समाधान कर सकते हैं केवल बड़े उद्योग

“मेरे बिहारवासियों को अमानवीय तरीके से ट्रेनों में सफर करना पड़ रहा है। कितना शर्मनाक है? डबल इंजन सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रतिवर्ष बिहार के चार करोड़ से अधिक लोग काम के लिए अन्य राज्यों में पलायन करते हैं।” लालू प्रसाद ने कहा, “संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के बाद से राजग सरकार ने बिहार में कोई बड़ा उद्योग नहीं लगाया। ये लोग बिहार विरोधी है।”

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements