कटनी, 10 नवंबर 2025 (दैमप्र)
7 वर्ष से फरार हत्या के इनामी आरोपी को बरही पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 4 जुलाई 2018 को थाना बरही में धारा 302, 147, 148, 149, 294, 323, 324, 506 भा.दं.वि. के तहत हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया, जिन सभी को आजीवन कारावास की सजा हुई।
छठवां आरोपी सात वर्षों से था फरार
प्रकरण में छठवां आरोपी राजाराम तिवारी पिता रामाधार तिवारी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरा थाना बरही, जिला कटनी घटना के बाद से फरार था। आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर छिपता रहा और सात वर्षों से फरार चल रहा था। आरोपी पर समय-समय पर इनाम की घोषणा की गई, जो वर्तमान में 10,000 रुपए निर्धारित थी। थाना बरही पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे। तभी बरही पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों की मदद से जानकारी प्राप्त हुई की आरोपी का मुंबई में अपनी पहचान छिपाकर भेष बदलकर कार्य कर रहा था।
पुलिस ने दी मुंबई में दबिश, आरोपी गिरफ्तार
बरही पुलिस की टीम ने मुंबई पहुँचकर दबिश दी और आरोपी राजाराम तिवारी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपी को आज दिनांक को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। इस संपूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक शैलेंद्र सिंह यादव थाना प्रभारी बरही, चौकी प्रभारी खितौली ऋषभ सिंह बघेल, आरक्षक अंकित बड़गैंया, दिलीप कोल,अजय साइबर सेल कटनी ,सैनिक बृजेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

