बिलहरी में भीषण हादसा से पूरी बस्ती सन्न, तत्परता से शायद बच जाती जान
कटनी , 10 नवंबर 2025 (दैमप्र)
जिले के बिलहरी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। कार पहले सड़क किनारे खड़े एक ऑटो से टकराई और टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सीधे सड़क से उछलकर लक्ष्मण सागर तालाब में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। लोगों ने दबी जुबान कहा कि अचानक हुए हादसे में अगर पुलिस एवं लोगों ने तत्परता दिखाई होती तो शायद दोनों नौजवानों की जान बच जाती और आज उनकी अर्थियां नहीं उठती।
कैसे हुई यह दुर्घटना?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े 11 बजे चार युवक कार से कटनी से बिलहरी लौट रहे थे। बिलहरी पहुंचने से ठीक पहले तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया। कार पहले किनारे खड़े एक ऑटो से जोरदार टकराई, जिससे उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा समाई। पानी में गिरते ही कार डूबने लगी। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी। बताया जाता है कि जब हादसा हुआ और धीरे धीरे कार पानी में डूब रही थी तब किसी ने भी हिम्मत नहीं दिखाई की कार सवारों को बचा ले, जब कार पानी में समा गई तब राहत कार्य प्रारंभ किया गया।
दो युवकों की मौत, दो ने बचाई जान
हादसे में प्रशांत नायक (28) और विकास तिवारी (26) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अभिषेक चौरसिया (26) और अमन ताम्रकार (26) ने खिड़की के शीशे तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पांडे पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से कार को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों युवक दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस चौंकी से चंद कदमों की दूरी पर हादसा
बताया जाता है कि जहां पर हादसा हुआ वहां से चंद कदमों की दूरी पर ही पुलिस चौंकी स्थित है और हादसे स्थल के आसपास भी कुछ पुलिस कर्मियों का रहवास है परंतु पुलिस के सक्रिय होने और राहत कार्य शुरु होने में काफी विलंब हुआ कटनी से पहुंची गोताखोरों की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार का पता चल सका और क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

