इंदौर बस हादसा : मौत का आंकड़ा बढ़कर दो हुआ, गैर इरादतन हत्या के आरोप में चालक गिरफ्तार

इंदौर बस हादसा : मौत का आंकड़ा बढ़कर दो हुआ, गैर इरादतन हत्या के आरोप में चालक गिरफ्तार
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 28 सितंबर 2026 (भाषा)

इंदौर के भीड़ भरे बाजार में बेकाबू लोक परिवहन बस की चपेट में आने से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर दो हो गई जिसके बाद पुलिस ने वाहन चालक को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

इलाज के दौरान दूसरे घायल की मौत

एमजी रोड थाने के प्रभारी विजय सिंह सिसौदिया ने बताया कि राजबाड़ा क्षेत्र में रविवार को हुए हादसे में पिंटू उर्फ गणेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि जितेंद्र शर्मा ने बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। सिसौदिया ने बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित बस के चालक धनराज गांगले के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया गया है।

चालक की गलती से हुआ हादसा

उन्होंने बताया, ‘‘हादसे में चालक की स्पष्ट लापरवाही सामने आई है। उसने तेजी से एक्सीलरेटर दबाया जिससे बस बेकाबू हो गई और सामने खड़े लोगों से टकरा गई।’’

बस में तोड़फोड़ करने वाले 2 लोग गिरफ्तार

थाना प्रभारी ने बताया कि बिजली से चलने वाली बस को पहले ही जब्त किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बस में तोड़फोड़ को लेकर भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और इसके दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

हादसे के वक्त सवार यात्री सुरक्षित

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय बस शहर के उपनगरीय राऊ क्षेत्र के रंगवासा जा रही थी। उन्होंने कहा कि बस में कुछ यात्री सवार थे जो हादसे के दौरान सुरक्षित रहे।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements