मध्यप्रदेश सरकार ने लाडली बहना योजना की मासिक सहायता बढ़ाकर 1500 रुपये की

मध्यप्रदेश सरकार ने लाडली बहना योजना की मासिक सहायता बढ़ाकर 1500 रुपये की
Share this news

भोपाल, 11 नवंबर 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश सरकार ने सोमवार को लाडली बहना योजना के तहत मासिक वित्तीय सहायता को 1,250 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये करने को मंजूरी दे दी। इस योजना की 1.26 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों को इस महीने से बढ़ी हुई राशि मिलनी शुरू हो जाएगी।

कितना आएगा कुल खर्चा?

इस पर 1793.75 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। इसके साथ ही 2025-26 में योजना के लिए कुल अनुमानित व्यय बढ़कर 20,450.99 करोड़ रुपये हो गया है। मुख्यमंत्री यादव सिवनी जिले में 12 नवंबर को होने वाले एक कार्यक्रम में बढ़ी हुई राशि का भुगतान शुरू करने वाले हैं।

सीएम मोहन यादव ने किया था ऐलान

एक सरकारी बयान में कहा गया, “मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रिमंडल ने लाडली बहना योजना के तहत मासिक वित्तीय सहायता को 1,250 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये करने को मंजूरी दी।” यादव ने 12 अक्टूबर को श्योपुर में एक समारोह के दौरान कहा था कि आगामी भाई दूज और दिवाली त्योहार महिलाओं के लिए अच्छी खबर लेकर आएंगे क्योंकि योजना के तहत सहायता में वृद्धि की जाएगी।

कब शुरू हुई थी लाडली बहना योजना?

इस योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल के दौरान 10 जून, 2023 को हुई थी, तब इसके तहत सहायता राशि 1000 रुपये थी। सरकार ने सितंबर 2023 में ही इसे संशोधित कर 1,250 रुपये कर दिया था। इस योजना को मध्यप्रदेश में भाजपा के लिए चुनावी बाजी पलटने वाला माना जाता है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements