रॉबर्ट वाद्रा ने बिहार में राजग की प्रचंड जीत पर उंगली उठाई, दोबारा चुनाव कराने की मांग की

रॉबर्ट वाद्रा ने बिहार में राजग की प्रचंड जीत पर उंगली उठाई, दोबारा चुनाव कराने की मांग की
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 17 नवंबर 2025 (भाषा)

बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड चुनावी जीत पर उंगली उठाते हुए कारोबारी रॉबर्ट वाद्रा ने रविवार को कहा कि बिहार का हालिया विधानसभा चुनाव ‘ढंग का नहीं था’ और वहां दोबारा चुनाव कराया जाना चाहिए।उन्होंने इस चुनाव में निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए यह बात कही।

चुनाव परिणाम से बिहार की जनता असल में खुश नहीं : रॉबर्ट वाद्रा

रॉबर्ट वाद्रा, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति और पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम के बारे में पूछे जाने पर वाद्रा ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,‘‘(चुनाव परिणाम से) बिहार की जनता असल में खुश नहीं है। जो हुआ है, वह निर्वाचन आयोग की वजह से हुआ है। निर्वाचन आयोग ने मदद की है।’’ कारोबारी ने राजग का नाम लिए बगैर दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम से कोई भी व्यक्ति सहमत नहीं है।

राहुल गांधी कल मिलेंगे लोगों से

रॉबर्ट वाद्रा ने कहा,”(लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता) राहुल गांधी कल लोगों से मिलेंगे। जितने भी युवा हैं, वे उनके साथ जुड़ेंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन करेंगे।’’ उन्होंने दावा किया कि अगर बिहार में दोबारा विधानसभा चुनाव होगा, तो चुनाव परिणाम पलट जाएगा। वाद्रा ने कहा,‘‘देश को बदलाव चाहिए। सरकार जो भी गलत काम कर रही है, वह युवाओं को पसंद नहीं है। हम लोकतंत्र के लिए जरूर लड़ेंगे।’’

धार्मिक यात्रा पर मध्य प्रदेश आए हैं रॉबर्ट वाद्रा

वह मध्यप्रदेश के दो दिवसीय धार्मिक दौरे पर आए हैं तथा उज्जैन और अन्य तीर्थ स्थलों की यात्रा करेंगे।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements