पणजी, 20 दिसंबर 2025 (भाषा)
गोवा पुलिस ने नाइट क्लब अग्निकांड में आरोपी ब्रिटिन के नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ विभिन्न केंद्रीय एजेंसी के माध्यम से ‘ब्लू कॉर्नर’ नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया
अधिकारी ने बताया कि खोसला घटना के समय गोवा में ही था और संभवतः अगले दिन ब्रिटेन फरार हो गया था। उन्होंने कहा, “हमने उसे ब्रिटेन से यहां लाने के लिए ‘ब्लू कॉर्नर’ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न केंद्रीय एजेंसी के साथ आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।”
खोसला का जमीन के मूल मालिक से पुराना विवाद
माना जाता है कि खोसला अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के मालिकों में से एक है। जिस जमीन पर नाइटक्लब बनाया गया था, उसे खोसला को पट्टे पर दिया गया था। खोसला का जमीन के मूल मालिक प्रदीप घाडी अमोणकर के साथ पुराना कानूनी विवाद है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “आग लगने के समय खोसला गोवा में था। हालांकि, बाद में वह संभवतः सात दिसंबर को ब्रिटेन भाग गया।” पुलिस अब तक नाइट क्लब मालिकों सौरभ लूथरा, गौरव लूथरा और अजय गुप्ता समेत आठ लोगों और पांच अन्य को गिरफ्तार कर चुकी है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

