भोपाल, 21 दिसंबर 2025 (भाषा)
केंद्रीय आवास एवं शहरी मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को कहा कि मेट्रो रेल नेटवर्क की कुल लंबाई के मामले में भारत जल्द ही अमेरिका को पीछे छोड़ देगा। उन्होंने कहा कि देश में मेट्रो सेवाओं से प्रतिदिन 1.20 करोड़ लोग सफर कर रहे हैं।
मेट्रो नेटवर्क के मामले में तीसरे स्थान पर है भारत
केंद्रीय मंत्री खट्टर ने भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण में सात किलोमीटर लंबे खंड के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में मेट्रो कॉरिडोर की कुल लंबाई के मामले में भारत विश्व में तीसरे स्थान पर है। खट्टर ने कहा, “भोपाल देश का 26वां शहर बन गया है, जहां मेट्रो सेवा शुरू हुई है। मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई के मामले में भारत 1,083 किलोमीटर के साथ दुनिया में तीसरे स्थान पर है। आज (शनिवार) जोड़े गए सात किलोमीटर के साथ यह आंकड़ा 1,090 किलोमीटर हो गया है।” उन्होंने बताया कि चीन इस सूची में पहले स्थान पर है, जबकि अमेरिका 1,400 किलोमीटर के मेट्रो नेटवर्क के साथ दूसरे स्थान पर है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “देश में लगभग 900 किलोमीटर लंबी मेट्रो परियोजनाओं का काम जारी हैं। इनमें से 300 किलोमीटर के जुड़ने के साथ ही भारत अमेरिका को पीछे छोड़ देगा।”
भोपाल मेट्रो को दिखाई हरी झंडी : मोहन यादव
इससे पहले खट्टर और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मेट्रो नेटवर्क के ‘प्रायोरिटी कॉरिडोर’ पर सुभाष नगर स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। दोनों नेताओं ने सुभाष नगर से एम्स स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन में सफर भी किया। खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मध्यप्रदेश के प्रति विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस वर्ष 17 सितंबर को अपना जन्मदिन मध्यप्रदेश में बनाया था। खट्टर ने कहा कि देश का पांचवां सबसे अधिक आबादी वाला राज्य मध्यप्रदेश उद्योग, कृषि सहित कई क्षेत्रों में तेजी से विकास कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देशभर में मेट्रो सेवाओं से प्रतिदिन 1.20 करोड़ यात्री सफर कर रहे हैं। अकेले दिल्ली में करीब 400 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क है, जहां प्रतिदिन लगभग 70 लाख यात्री यात्रा करते हैं।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

