देहरादून, 30 दिसंबर 2025 (भाषा)
उत्तराखंड में अल्मोड़ा जिले के भिकियासैण क्षेत्र में विनायक के पास एक बस के मंगलवार को खाई में गिर जाने से उसमें सवार सात व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी तथा एक दर्जन अन्य यात्री घायल हो गए।
अनियंत्रित होकर बस गिरी खाई में
अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब यात्रियों को लेकर अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट से नैनीताल जिले के रामनगर जा रही बस भिकियासैंण से छह किलोमीटर पहले अनियंत्रित होकर खाई में गिर गयी ।उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंची तथा बचाव एवं राहत कार्य चलाया ।
दुर्घटना में गई 7 की जान
पिंचा ने बताया कि दुर्घटना में छह व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा। हादसे में चालक सहित 12 लोग घायल हो गए जिन्हें खाई से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के वक्त बस में 18—19 यात्री सवार थे।
पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुःख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री धामी ने बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति तथा उनके शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
यहां जारी एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में घायल यात्रियों को जिला प्रशासन द्वारा नजदीकी अस्पतालों में भर्ती किया गया है तथा गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार हेतु उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

