मैहर में सवारी वाहन कंटेनर से टकराया, 3 की मौत, 12 घायल

मैहर में सवारी वाहन कंटेनर से टकराया, 3 की मौत, 12 घायल
Share this news

मैहर (मध्यप्रदेश), 30 दिसंबर 2025 (भाषा )

मध्यप्रदेश के मैहर जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर ग्राम तिलोरा के पास सोमवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

वाहन में सवार थे 15 से 20 लोग

पुलिस ने बताया कि सवारी वाहन में 15 से 20 लोग सवार थे, जो कटनी जिले के पकरीया से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) जा रहे थे। ग्राम तिलोरा के पास वाहन आगे चल रहे कंटेनर ट्रक से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लगभग सभी लोग घायल हो गए।

12 लोगों का इलाज जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को एम्बुलेंस की मदद से मैहर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 12 लोगों का इलाज मैहर सिविल अस्पताल एवं जिला अस्पताल में किया जा रहा है। मृतकों में धोंगा पटेल (50), निवासी कटनी जिला शामिल हैं। वहीं वाहन चालक सहित एक अन्य व्यक्ति की कटनी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। एक मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

नादन देहात थाना प्रभारी रेनू मिश्रा ने बताया कि पुलिस दल के साथ घटना के कुछ ही समय बाद मौके पर पहुंच गया था और राहत-बचाव कार्य किया गया। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। सिविल अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर जितेंद्र तिवारी ने बताया कि कुल 12 घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements