इंदौर (मध्यप्रदेश), 31 दिसंबर 2025 (भाषा)
देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दूषित पानी पीने के कारण उल्टी-दस्त होने से आठ लोगों के मरने का दावा किया जा रहा है जबकि प्रशासन का कहना है कि डायरिया से केवल तीन मरीजों की जान गई है।
उल्टी-दस्त से गई 8 लोगों की जान
स्थानीय लोगों का दावा है कि दूषित पानी पीने के कारण उल्टी-दस्त की वजह से आठ लोगों की जान चली गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से बीमार पड़ने के बाद पिछले एक सप्ताह में छह महिलाओं सहित आठ लोग दम तोड़ चुके हैं।
डायरिया से 3 लोग की मृत्यु
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि भागीरथपुरा क्षेत्र में नंदलाल पाल (70), उर्मिला यादव (60) और तारा कोरी (65) की डायरिया से मृत्यु हुई है।
घटना पर मोहन यादव ने जताया शोक
इस घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा सभी मरीजों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किए जाने की घोषणा की है।
नगर निगम जोनल अधिकारी और सहायक अभियंता को किया निलंबित
प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भागीरथपुरा क्षेत्र में नगर निगम के एक जोनल अधिकारी और एक सहायक अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक प्रभारी सब-इंजीनियर की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

