फरीदाबाद में चलती कार में महिला से सामूहिक बलात्कार, दो आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता को आयी गंभीर चोटें

फरीदाबाद में चलती कार में महिला से सामूहिक बलात्कार, दो आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता को आयी गंभीर चोटें
Share this news

फरीदाबाद, 01 जनवरी 2026 (भाषा)

एक महिला से रात भर चलती वैन में सामूहिक दुष्कर्म किया गया और फिर उसे तेज रफ़्तार वाहन से एक सुनसान सड़क पर फेंक दिया गया, जिससे उसे सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह घटना दिलाती है निर्भया बलात्कार मामले की याद

अधिकारियों ने बताया कि तीन बच्चों की मां के साथ यह घटना मंगलवार तड़के कम आबादी वाली गुड़गांव-फरीदाबाद सड़क पर हुई। यह घटना 13 साल पहले दिसंबर में निर्भया बलात्कार मामले की याद दिलाती है। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद पुलिस ने बुधवार को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले दोनों आरोपियों को शहर की एक अदालत में पेश किया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें

वैवाहिक कलह के कारण अपने माता-पिता के घर पर रह रही 25 वर्षीय महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आयी हैं तथा उसे 12 से ज्यादा टांके लगाने पड़े हैं। उसे राष्ट्रीय राजधानी से सटे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला की हालत गंभीर है और वह अभी बयान दर्ज कराने की स्थिति में नहीं है।

क्या है पूरी घटना?

पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद में रहने वाले दोनों आरोपियों ने किसी परिवहन का इंतजार कर रही महिला को लिफ्ट देने की पेशकश की। दोनों आरोपी उसे उसके गंतव्य तक ले जाने के बजाय गुरुग्राम की ओर ले गए और कार के अंदर ही उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि महिला को पूरी रात वैन में घुमाया गया और करीब तीन बजे राजा चौक के पास 90 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल रहे वाहन से उसे बाहर फेंक दिया गया।

कैसे मिली मदद?

बहुत ज़्यादा खून बहने के बावजूद महिला ने किसी तरह अपनी बहन को फ़ोन किया, जो मौके पर पहुंची और उसे बादशाह खान सिविल अस्पताल ले गई। उसकी चोटों की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने सलाह दी कि उसे दिल्ली ले जाया जाए लेकिन परिवार ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। अस्पताल के एक चिकित्सक ने बताया कि उसे काफी चोटें आई हैं, जिसमें चेहरे की हड्डियां टूटना और कंधा उतरना (डिसलोकेट) शामिल है।

उन्होंने बताया, ‘‘सर्जरी की तैयारी की जा रही है और महिला की हालत खतरे से बाहर है। ऐसा लगता है कि चोटें किसी सख्त चीज़ से लगी हैं या सड़क पर फेंके जाने से लगी हैं। पुलिस ने जांच के लिए नमूने एफएसएल भेज दिए हैं।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements