कटनी में लोकायुक्त ने 20 हजार की रिश्वत लेते कार्यपालन यंत्री को रंगे हाथ पकड़ा

कटनी में लोकायुक्त ने 20 हजार की रिश्वत लेते कार्यपालन यंत्री को रंगे हाथ पकड़ा
Share this news

विभाग के ही सेवानिवृत चौकीदार से एरियर्स भुगतान के बदले की थी 50 हजार रु. की डिमांड

कटनी, 18 फरवरी 2026 (दैमप्र)

लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को जल संसाधन विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री व्ही.ए. सिद्दीकी को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विभाग के ही सेवानिवृत चौकीदार का करीब 8 लाख रु. का एरियर्स लंबित था, जिसे माननीय हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी किया जाना था जिसके बदले में रिश्वत की मांग की गई थी।

एरियर के भुगतान के बदले 50 हजार की मांग

आरोप है कि आवेदक कुंवर लाल चौकीदार के पद से 2024 में सेवानिवृत हुए थे, वर्ष 2011 से 2017 तक वर्गीकरण की कारवाही में न्यायालय जबलपुर के आदेश से 7-8 लाख रूपये एरियर के मिलना थे, किन्तु आरोपी  सिद्दीकी, आवेदक से एरियर के भुगतान के बदले 50 हजार की मांग कर रहा था परेशान होकर पीड़ित कुंवर लाल रजक पिता स्व.जीवनलाल रजक निवासी ग्राम जरवाही ने इसकी शिकायत जबलपुर लोकायुक्त से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।

लोकायुक्त की घेराबंदी और गिरफ्तारी

लोकायुक्त टीम के निर्देशानुसार, जैसे ही पीड़ित ने जल संसाधन विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री व्ही.ए. सिद्दीकी के शासकीय आवास में बैठक कक्ष जलसंसाधन कॉलोनी कटनी में रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20,000 रु आरोपी अधिकारी को सौंपे, पहले से तैनात टीम ने उन्हें दबोच लिया। हाथ धुलवाते ही उनके रंग गुलाबी हो गए, जो रिश्वत लेने का पुख्ता प्रमाण है।

इस कार्रवाई के बाद जल संसाधन विभाग के कार्यालय में हड़कंप की स्थिति है। लोकायुक्त की टीम फिलहाल भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। उक्त कार्रवाई में ट्रैप दल प्रभारी नीतू त्रिपाठी,ट्रेप कर्ता निरीक्षक  रेखा प्रजापति,निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया एवं लोकायुक्त जबलपुर का दल शामिल रहा।

कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements