इंदौर, 29 मार्च 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में शनिवार को एक कार में आग लगने से चार वर्षीय बच्चे की झुलसकर मौत हो गई। यह घटना सिमरोल थाना क्षेत्र में सुबह के समय हुई।
कार में बैठा था बच्चा, पिता लगवा रहे थे साउंड सिस्टम
सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि चिराग नाम का बच्चा कार में बैठा था और उसके पिता संजय बधिया अपनी दूसरी कार में साउंड सिस्टम लगवा रहे थे। उन्होंने बताया कि संजय ने इस दौरान कार चालू छोड़ दी थी।
अचानक लगी कार में आग, वाहन पूरी तरह जलकर खाक
अचानक कार में आग लग गई और देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।
बच्चे की आग में झुलसकर मौत
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन उस पर काबू नहीं पाया जा सका। दमकल और पुलिस के मौके पर पहुंचने तक बच्चे की झुलसकर मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

