प्रधानमंत्री मोदी ने असम में चाय बागान का दौरा किया, महिला श्रमिकों से बात की

प्रधानमंत्री मोदी ने असम में चाय बागान का दौरा किया, महिला श्रमिकों से बात की
Share this news

गुवाहाटी, एक अप्रैल 2026 (भाषा)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को असम के डिब्रूगढ़ में एक चाय बागान का दौरा किया और वहां चाय की पत्तियां तोड़ीं।

प्रधानमंत्री मोदी असम में एक दिवसीय दौरे पर

प्रधानमंत्री मोदी असम में विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों के पक्ष में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करने के लिए राज्य के एक दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने ‘मनोहारी टी एस्टेट’ में काम करने वाली महिला श्रमिकों से बातचीत भी की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हम चाय बागान में काम करने वाले हर परिवार के प्रयासों पर अत्यंत गर्व महसूस करते हैं। उनकी कड़ी मेहनत और लगन ने असम के गौरव को बढ़ाया है।’’

बागानकर्मी महिलाओं को किया नमन

मोदी को वहां 19 महिलाओं के समूह के साथ चाय की पत्तियां तोड़ते और उन्हें एक पारंपरिक टोकरी में रखते हुए भी देखा गया। प्रधानमंत्री करीब आधा घंटा इन महिला श्रमिकों के साथ रहे, जिन्होंने सफेद और लाल बॉर्डर वाली पारंपरिक साड़ियां पहनी हुई थीं। उन्होंने चाय बागान श्रमिकों की चिंताओं को भी सुना और शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा एवं मजदूरी जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘चाय की पत्तियां तोड़ने के बाद महिलाओं ने अपनी संस्कृति के बारे में बात की और अंत में एक सेल्फी भी ली।’’ प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि ये डिब्रूगढ़ के एक चाय बागान की कुछ झलकियां हैं। प्रधानमंत्री ने श्रमिकों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक झुमुर नृत्य का भी आनंद लिया।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements