कोलकाता, 07 अप्रैल 2026 (भाषा)
कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच सोमवार को यहां खेला गया इंडियन प्रीमियर लीग मैच बारिश के कारण 3.4 ओवर के खेल के बाद रद्द करना पड़ा जिससे दोनों टीम को एक-एक अंक मिला।
नाइट राइडर्स के अंकों का खुला खाता
मैच रद्द होने के साथ मौजूदा सत्र में नाइट राइडर्स के अंकों का खाता भी खुल गया। टीम को अपने शुरुआती दो मैच में हार का सामना करना पड़ा था जबकि तीसरे मैच में भी टीम दो विकेट पर 25 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी और अगर मैच शुरू होता तो यह पांच ओवर का ही हो पाता और टीम को सिर्फ आठ गेंद और खेलने को मिलती जिससे संभवत: उसकी स्थिति काफी कमजोर होती।
शीर्ष पर पहुंची पंजाब किंग्स की टीम
दूसरी तरफ अपने शुरुआती दो मैच जीतने वाली पंजाब की टीम तीन मैच में पांच अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है।
बारिश के कारण रूका मैच
मैच को नाइट राइडर्स की पारी में 3.4 ओवर के खेल के बाद हल्की बूंदाबांदी के कारण रोका गया जो बाद में बारिश तेज होने के कारण दोबारा शुरू नहीं हो पाया।
कोलकाता ने जीता टॉस
मौजूदा सत्र में पहली जीत की तलाश में जुटे नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन उन्हें शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा जब जेवियर बार्टलेट ने दूसरे ओवर में दो विकेट झटक लिए।
नाइट राइडर्स को दोहरा झटका
बार्टलेट ने सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (06) और कैमरन ग्रीन (04) को तीन गेंद के भीतर आउट करके नाइट राइडर्स को दोहरा झटका दिया। दोनों ही बल्लेबाजों ने विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह को कैच थमाए।
ग्रीन का खराब प्रदर्शन
ग्रीन 25.20 करोड़ रुपये की कीमत के साथ सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हैं लेकिन उनका खराब प्रदर्शन जारी रहा। इससे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दो रन बनाए थे। नाइट राइडर्स की टीम अपने शुरुआती दो मैच गंवा चुकी है।
बारिश के कारण जब खेल रोका गया तब कप्तान अजिंक्य रहाणे आठ जबकि युवा विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी सात रन बनाकर खेल रहे थे।
स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करें

