मुंबई, 07 अप्रैल 2026 (भाषा)
अभिनेता अक्षय कुमार का कहना है कि उनकी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ उनके और अभिनेत्री तब्बू के 25 वर्षों बाद फिर से एक साथ काम करने के लिए सही फिल्म है। अक्षय कुमार और तब्बू ने आखिरी बार निर्देशक प्रियदर्शन की साल 2000 में रिलीज हुई चर्चित फिल्म ‘हेरा फेरी’ में साथ काम किया था।
यह फिल्म हम दोनों के लिए सही थी : अक्षय कुमार
फिल्म का ट्रेलर जारी होने के दौरान अक्षय कुमार ने संवाददाताओं से कहा, “यह फिल्म हम दोनों के लिए सही थी। अब तक हमें साथ काम करने का मौका नहीं मिला क्योंकि वह अपने काम में व्यस्त थीं, मैं अपने काम में व्यस्त था और प्रियन सर भी व्यस्त थे। अब मौका मिला है।”
मैं तब्बू को 38-39 वर्षों से जानता हूं….
अक्षय कुमार ने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि वह और तब्बू पिछले लगभग 39 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। उन्होंने कहा, “वह मेरी बहुत अच्छी और पुरानी मित्र हैं। मैं फिल्म उद्योग में करीब 35 वर्षों से हूं, लेकिन मैं तब्बू को 38-39 वर्षों से जानता हूं। हम दोनों साथ में डांस अकादमी जाया करते थे।” इस पर तब्बू ने कहा, “हां, ये मुझे बाइक पर लेने आते थे।”
भूत बंगला एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म
‘भूत बंगला’ एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें एक अजीब लेकिन निडर व्यक्ति की कहानी दिखाई गई है, जो एक शांत शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक रहस्यमयी हवेली में रहता है और परेशानियों में उलझ जाता है।
यह फिल्म अक्षय कुमार और प्रियदर्शन को भी 14 वर्षों बाद फिर से साथ ला रही है। अक्षय ने कहा कि प्रियदर्शन के साथ काम करना घर वापसी जैसा महसूस हुआ। उन्होंने कहा, “प्रियन सर के साथ काम करना हमेशा अच्छा लगता है। उनकी फिल्में साफ-सुथरी और पारिवारिक होती हैं। लंबे समय बाद तब्बू जी और परेश जी के साथ काम करके भी बहुत खुशी हुई।”
17 अप्रैल को रिलीज होगी फिल्म
इस हॉरर-कॉमेडी में वामिका गब्बी, राजपाल यादव, मिथिला पालकर और राजेश शर्मा भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म और मनोरंजन से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

