उप्र दुर्घटनाएं : मैनपुरी, मुजफ्फरनगर, देवरिया में अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत

उप्र दुर्घटना : मैनपुरी, मुजफ्फरनगर, देवरिया में अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत
Share this news

मैनपुरी/मुजफ्फरनगर/देवरिया (उप्र), 29 अप्रैल 2026 (भाषा)

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी, मुजफ्फरनगर और देवरिया जिलों में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सभी घटनाएं मंगलवार रात को हुईं।

मैनपुरी सड़क दुर्घटना

पुलिस अधीक्षक (एसपी) गणेश साहा ने बताया कि मैनपुरी में कोतवाली पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत देवी रोड पर शीतला देवी मंदिर के पास दुर्घटना उस वक्त हुई जब एक पिकअप वाहन ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि फिरोजाबाद निवासी पीड़ित धर्मेंद्र सिंह (50), उनकी पत्नी बेबी (48) और तवेपुर गांव के संजय सिंह (40) एक रिश्तेदार के दाह संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे तभी यह घटना हुई।

पुलिस के मुताबिक, पिकअप और ‘वैगन आर’ कार एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी पिकअप अनियंत्रित हो गई और मोटरसाइकिल से टकरा गई जिससे तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। साहा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

मुजफ्फरनगर सड़क दुर्घटना

पुलिस ने कहा कि मंगलवार रात मुजफ्फरनगर के चरथावल कस्बे में एक अलग घटना में रजबहा रोड पर एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से इमराना नामक 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना में एक अन्य महिला घायल हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी रविशंकर ने कहा कि दोनों महिलाएं सड़क के किनारे चल रही थीं तभी कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे इमराना नहर में गिर गई। महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

गुस्साए ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन, कड़ी कार्रवाई की मांग

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, जो वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने कहा कि चालक का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

देवरिया सड़क दुर्घटना

पुलिस ने कहा कि देवरिया जिले में एक अन्य घटना में मंगलवार देर रात बघौचघाट इलाके में एक कार के पेड़ से टकरा जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा हाजी मार्केट के पास उस समय हुआ जब पकहा की ओर से आ रही बिहार के पंजीकरण नंबर वाली कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस ने बताया कि कार में पांच लोग सवार थे। इनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों को देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

मृतकों की पहचान:

बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले करण कुशवाहा और फुलवरिया थाने के दुल्हरपुर गांव के पिंटू कुमार के रूप में की गई है। तीसरे मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

घायलों की पहचान :

कुशीनगर के सिसई गांव के गोविंद कुशवाहा (18) और भोला श्रीवास्तव उर्फ सोनू (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि कार में सवार लोग कुशीनगर में एक रिश्तेदार के यहां गए थे और एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने कहा कि पुलिस को वाहन के अंदर फंसे पीड़ितों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements