हनीमून हत्याकांड : ‘हमने उसे उसके हाल पर छोड़ दिया है’, भाई ने किया सोनम से दूरी का दावा

हनीमून हत्याकांड : ‘हमने उसे उसके हाल पर छोड़ दिया है’, भाई ने किया सोनम से दूरी का दावा
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 01 मई 2026 (भाषा)

मेघालय के हनीमून हत्याकांड में जमानत पर जेल से बाहर आई सोनम रघुवंशी को लेकर उसके बड़े भाई गोविंद रघुवंशी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उनके परिवार ने इस बहुचर्चित मामले की मुख्य आरोपी को उसके हाल पर छोड़ दिया है। इंदौर के कारोबारी ने यह भी कहा कि उन्होंने बहन की मदद के लिए अपनी ओर से कोई वकील नियुक्त नहीं किया है।

मैंने बहन के लिए वकील नियुक्त नहीं किया : गोविंद रघुवंशी

गोविंद ने यह बयान ऐसे समय दिया, जब ईस्ट खासी हिल्स की अदालत में सोनम की जमानत अर्जी मंगलवार को मंजूर होने के बाद उसके और राजा के परिवारों के बीच का भावनात्मक तनाव सतह पर आ गया है। राजा के परिवार ने सोनम के मायके पक्ष पर जुबानी हमले तेज कर दिए हैं। गोविंद रघुवंशी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘सोनम की जमानत याचिका के बारे में मुझे कोई भी जानकारी नहीं थी। उसे जमानत मिलने की खबर मुझे मीडिया से हासिल हुई। मैंने अपनी बहन की मदद के लिए अपनी ओर से कोई वकील नियुक्त नहीं किया है।’’

शिलांग में नजर आए सोनम के पिता

बहरहाल, सोनम को जमानत मिलने के बाद जेल से उसकी रिहाई की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए उसके पिता देवी सिंह रघुवंशी शिलांग में नजर आए थे। इस बारे में पूछे जाने पर गोविंद ने दावा किया कि उनके पिता ‘अदालत के आदेश’ पर शिलांग पहुंचे थे और वहां से लौट गए हैं। उन्होंने कहा,‘‘हमने सोनम को उसके हाल पर छोड़ दिया है।’’

अनुमति बिना इस क्षेत्र से बाहर नहीं जाएगी सोनम

गोविंद ने कहा कि उनके परिवार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह सोनम को इंदौर स्थित अपने घर में नहीं रखेंगे। सोनम को मिली जमानत की शर्तों में यह बात भी शामिल है कि वह ईस्ट खासी हिल्स की अदालत की उचित अनुमति के बिना इस क्षेत्र से बाहर नहीं जाएगी।

सोनम और उसके साथियों से उन्हें जान का खतरा : विपिन

सोनम को जमानत मिलने के बाद राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन ने कहा कि हत्याकांड की मुख्य आरोपी और उसके साथियों से उन्हें जान का खतरा है। विपिन ने सोनम के परिवार पर झूठ बोलने और विश्वासघात का आरोप भी लगाया है।

उधर, गोविंद ने कहा कि वह विपिन के इन आरोपों पर ‘नि:शब्द’ हैं और “राजा का परिवार अपने हित में किसी भी कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेने के लिए स्वतंत्र है।”

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements