कोलकाता, 04 मई 2026 (भाषा)
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 56 विधानसभा सीट पर आगे है जबकि उसकी प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस 38 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। राज्य की 293 विधानसभा सीट के लिए मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई।
ममता भाजपा नेता शुभेंदु से 1,996 मतों से आगे
निर्वाचन आयोग के अनुसार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी से 1,996 मतों के अंतर से आगे हैं। बनर्जी को अभी तक 3,666 और अधिकारी को 1,670 वोट मिले है।
दार्जिलिंग में BGPM को बढ़त, TMC गठबंधन मजबूत
दार्जिलिंग पहाड़ियों में तृणमूल की सहयोगी भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) दार्जीलिंग विधानसभा क्षेत्र में आगे है। क्षेत्रीय टेलीविजन चैनलों के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में पहले दौर की मतगणना के बाद 3,100 मतों से आगे थे। अधिकारी का मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस के पवित्र कर से है।
नंदीग्राम सीट के आंकड़े नहीं किए जारी
निर्वाचन आयोग ने अभी अपनी वेबसाइट पर नंदीग्राम सीट के आंकड़े जारी नहीं किए हैं। अधिकारी ने कोलकाता में संवाददाताओं से कहा, ‘‘नंदीग्राम में पहले दौर में जिन 14 बूथ के मतों की गिनती हुई, उनमें पांच मुस्लिम बहुल बूथ थे। उन बूथ पर भी तृणमूल संघर्ष कर रही है।’’ उन्होंने दावा किया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी।
झाड़ग्राम, श्यामपुकुर, मांटेश्वर, आसनसोल और देगंगा
- झाड़ग्राम में भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साव 24,016 मतों के साथ आगे हैं। तृणमूल के मंगल सारेन को 17,555 मत मिले हैं और वह 6,461 मतों से पीछे हैं।
- कोलकाता की श्यामपुकुर सीट में भाजपा की पूर्णिमा चक्रवर्ती तृणमूल उम्मीदवार एवं मंत्री शशि पांजा से 296 मतों से आगे हैं।
- मांटेश्वर में शुरुआती दौर में भाजपा के सैकत पांजा, तृणमूल के सिद्दीकुल्ला चौधरी से 1,183 मतों से आगे हैं।
- आसनसोल दक्षिण से भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार से आगे हैं।
- देगंगा में तृणमूल उम्मीदवार अनीसुर रहमान बिदेश अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी से 2,184 मतों से आगे हैं।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

