विजय ने मुख्यमंत्री के रूप में पहले आदेश पर हस्ताक्षर किए, घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली
चेन्नई, 10 मई 2026 (भाषा)
सी जोसेफ विजय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में रविवार को यहां रंगारंग समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और इसी के साथ ही इस दक्षिणी राज्य में 60 साल में पहली बार द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) से इतर किसी दल की सरकार बनी।
शपथ ग्रहण के साथ ही विजय ने दिया बड़ा मैसेज
अभिनेता (51) से नेता बने विजय के पहले मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी दोनों तरह के नेता हैं। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख की मुख्य टीम को भी इसमें जगह मिली है। विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि वह किसी राजघराने से नहीं हैं, लेकिन लोगों ने उन्हें स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि वह झूठे वादे कर लोगों को धोखा नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि एक नयी शासन व्यवस्था शुरू हुई है तथा वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष एवं सामाजिक न्याय का नया युग आरंभ हो रहा है।
घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली
विजय ने सरकारी फाइलों पर पहली बार हस्ताक्षर करते हुए घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल गठित करने को मंजूरी दी।
विजय बने मुख्यमंत्री, टीवीके कार्यकर्ताओं में उत्साह
राज्यपाल आर वी आर्लेकर ने विजय और उनके मंत्रिमंडल के नौ सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले मंत्रियों में द्रविड़ राजनीति के अनुभवी नेता के ए सेंगोट्टैयन और युवा चेहरे डॉ. टी के प्रभु तथा एस कीर्तना शामिल हैं। टीवीके कार्यकर्ताओं की लगातार गूंजती सीटियों के बीच विजय ने ईश्वर के नाम पर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके मंत्रियों ने भी ईश्वर के नाम पर शपथ ली जो पूर्ववर्ती द्रमुक सरकार के अधिकतर मंत्रियों के शपथ ग्रहण से अलग रहा। टीवीके नेता आधव अर्जुन, एन आनंद, आर निर्मल कुमार, के जी अरुणराज और सेंगोट्टैयन ने मंत्री पद की शपथ ली। इन सभी को विजय की करीबी टीम का सदस्य माना जाता है।
विजय का शपथ ग्रहण समारोह लुक
आमतौर पर सफेद कमीज और खाकी पतलून में नजर आने वाले विजय रविवार को शपथ ग्रहण समारोह में अलग अंदाज में दिखे। उन्होंने सफेद कमीज और गहरे रंग की पतलून के साथ कोट पहना था। उनके अधिकतर मंत्रिमंडलीय सहयोगी भी कमीज और पतलून में नजर आए। इस तरह टीवीके मंत्रिमंडल की पोशाक भी सामान्य परंपरा से अलग दिखी। इससे पहले तमिलनाडु में पुरुष नेता ऐसे अवसरों पर आम तौर पर सफेद धोती और सफेद कमीज पहने नजर आते रहे हैं।
60 साल बाद बदला तमिलनाडु
रविवार के शपथग्रहण समारोह के साथ ही द्रविड़ राजनीति के गढ़ तमिलनाडु में करीब 60 साल में पहली बार द्रमुक और अन्नाद्रमुक से इतर किसी दल की सरकार बनी। करीब एक घंटे तक चले कार्यक्रम के अंत में विजय ने मंच पर मौजूद राहुल गांधी और अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों एवं अन्य लोगों के साथ सेल्फी ली।
नेहरू स्टेडियम में जश्न का माहौल
कार्यक्रम के दौरान जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम उत्साह से सराबोर दिखा जहां हजारों लोग अपने ‘थलपति’ (कमांडर) को ‘मुथलमाइचर’ यानी मुख्यमंत्री बनते देखने के लिए एकत्र हुए थे। यहां हर तरफ कठिन संघर्ष के बाद मिली जीत के जश्न का माहौल था। समारोह स्थल के भीतर माहौल बेहद उत्साहपूर्ण दिखा।
हम थलपति की वजह से बहुत खुश हैं
सुबह से ही पहुंच रही भीड़ की भावनाओं को व्यक्त करते हुए एक समर्थक ने कहा, ‘‘हम थलपति की वजह से बहुत खुश हैं।’’ टीवीके के चुनाव चिह्न सीटी की आवाजें चारों ओर गूंज रही थीं, वहीं समर्थक अपने नेता के सत्ता में आने का जश्न मनाते हुए पीले रंग की प्रधानता वाले पार्टी के शॉल लहरा रहे थे।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

