बेंगलुरु, 10 मई 2026 (भाषा)
कर्नाटक के योजना एवं सांख्यिकी मंत्री डी सुधाकर का रविवार तड़के लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे।
दो महीनों से चल रहा था इलाज
एक मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, सुधाकर ने यहां ‘कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ में अंतिम सांस ली। उनका पिछले दो महीनों से फेफड़ों के संक्रमण का इलाज चल रहा था। अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. आर चिन्नादुरई ने मेडिकल बुलेटिन में बताया कि मंत्री सुधाकर डी को रविवार तड़के तीन बजकर 15 मिनट पर मृत घोषित किया गया।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने जताया शोक
सुधाकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे और चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सुधाकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह खबर सुनकर उन्हें बड़ा दुख हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह अस्पताल में सुधाकर से मिले थे, तब उन्हें लगा था कि वह ठीक हो जाएंगे।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सुधाकर जनसेवा के प्रति गहरा सरोकार रखने वाले और समर्पित रहने वाले व्यक्ति थे। ऐसे व्यक्ति को और कई वर्षों तक लोगों के बीच रहना चाहिए था। चिकित्सकों के अथक प्रयासों और हम सबकी दुआओं के बावजूद सुधाकर आज हमें छोड़कर चले गए। यह अत्यंत पीड़ादायक क्षण है।’’
डीके शिवकुमार बोले- अत्यंत दुख
उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने भी शोक व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ईश्वर उनकी (सुधाकर की) आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।’’ कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने भी सुधाकर के निधन पर गहरा शोक जताया।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

