वाशिंगटन, 11 मई 2026 (भाषा)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्ध को समाप्त करने संबंधी उसके ईरान के शांति प्रस्ताव को ‘‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’’ करार देते हुए खारिज कर दिया।
ट्रंप को रविवार को ईरान का प्रस्ताव प्राप्त हुआ और उम्मीद जताई जा रही थी कि इससे 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध को समाप्त करने में सफलता मिलेगी। इस युद्ध ने वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अहम, समुद्री मार्ग को अवरुद्ध कर दिया है जिससे कई देश ईंधन की कमी का सामना कर रहे हैं।
मुझे उनका पत्र पसंद नहीं आया : ट्रंप
ट्रंप ने रविवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैंने अभी-अभी ईरान के तथाकथित ‘प्रतिनिधियों’ का जवाब पढ़ा। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया – यह पूरी तरह अस्वीकार्य है।’’ इससे पहले ट्रंप ने ईरान पर लगभग 50 वर्षों से अमेरिका के साथ खेल खेलने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा, ‘‘अब वे ज्यादा समय तक खुश नहीं रह पाएंगे।’’ ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया संस्थान ‘एक्सियोस’ से कहा, ‘‘मुझे उनका पत्र पसंद नहीं आया। यह ठीक नहीं है। मुझे उनकी प्रतिक्रिया पसंद नहीं आई।” हालांकि उन्होंने ईरान के जवाब के बारे में और अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।
ट्रंप को अब सैन्य कार्रवाई करने पर विचार करना चाहिए – सांसद ग्राहम
इसी बीच, रिपब्लिकन पार्टी से सांसद लिंडसे ग्राहम ने कहा कि ट्रंप को अब सैन्य कार्रवाई करने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति ट्रंप के ईमानदार प्रयासों की सराहना करता हूं, जो ईरानी आतंकवादी शासन के व्यवहार में बदलाव लाने के लिए कूटनीतिक समाधान तलाश रहे हैं।’’ ग्राहम ने कहा, ‘‘हालांकि, अंतरराष्ट्रीय नौवहन पर उनके लगातार हमलों, हमारे सहयोगियों पर निरंतर हमलों और अब अमेरिका के कूटनीतिक प्रस्ताव पर पूरी तरह अस्वीकार्य प्रतिक्रिया को देखते हुए, मेरी राय में अब दिशा बदलने पर विचार करने का समय आ गया है।’’
विदेश से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

