5 देशों की यात्रा का दूसरा पड़ाव, प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे नीदरलैंड

5 देशों की यात्रा का दूसरा पड़ाव, प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे नीदरलैंड
Share this news

एम्सटर्डम, 16 मई 2026 (भाषा)

प्रधानमंत्री मोदी अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को नीदरलैंड पहुंचे, जहां वह व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा एवं नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के लिए अपने डच समकक्ष रॉब जेटेन के साथ बातचीत करेंगे।

अबू धाबी में UAE राष्ट्रपति से मिले पीएम, फिर नीदरलैंड रवाना

प्रधानमंत्री संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में लगभग ढाई घंटे के संक्षिप्त ठहराव के बाद नीदरलैंड पहुंचे। उन्होंने अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ वार्ता की।

डच विदेश मंत्री और रियर एडमिरल ने किया पीएम मोदी का स्वागत

नीदरलैंड पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का हवाईअड्डे पर एडजुटेंट-जनरल और महामहिम राजा के सैन्य परिवार के प्रमुख रियर एडमिरल लुडगर ब्रुमेलार, डच विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन और नीदरलैंड में भारत के राजदूत कुमार तुहिन तथा डच सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया।

मोदी ने कहा : भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते से बढ़ा निवेश

प्रधानमंत्री ने अपने आगमन के तुरंत बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “(मैं) एम्स्टर्डम पहुंचा हूं। नीदरलैंड की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते ने व्यापार और निवेश संबंधों को काफी गति प्रदान की है।” उन्होंने कहा, “यह सेमीकंडक्टर, जल, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को गहरा करने का अवसर प्रदान करता है।”

पीएम जेटेन से करेंगे वार्ता, राजा-रानी से मुलाकात

मोदी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री जेटेन से बातचीत करेंगे और राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वह इस यात्रा के दौरान एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए उत्सुक हैं। मोदी की 15 से 17 मई तक नीदरलैंड की यह यात्रा 2017 की उनकी यात्रा के बाद दूसरी यात्रा है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements