नयी दिल्ली, 16 मई 2026 (भाषा)
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) में अनियमितता से जुड़े मामले का हवाला देते हुए शनिवार को कहा कि मोदी सरकार में ‘अमृत काल’ छात्रों के लिए ‘मृत काल’ साबित हो रहा है और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री को चुप्पी तोड़नी चाहिए और ‘परीक्षा-लीक पर चर्चा’ करनी चाहिए।
अमृत काल छात्रों के लिए मृत काल साबित – खरगे
खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मोदी सरकार में ‘अमृत काल’ प्रवेश परीक्षा में शामिल छात्रों के लिए ‘मृत काल’ साबित हो रहा है। खबरों के मुताबिक कई छात्र-छात्राओं ने नीट का प्रश्नपत्र लीक होने के कारण पहुंचे सदमे से आत्महत्या की है।’’ उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी के रितिक मिश्रा, दिल्ली की 20 वर्षीय अंशिका पांडेय, राजस्थान में झुंझुनूं के प्रदीप मेघवाल, गोवा में रह रहे बेंगलुरु के एक छात्र ने यह कदम उठाया है।
90 से ज्यादा पेपर लीक, 9 करोड़ छात्र प्रभावित
खरगे ने कहा, ‘‘किसी ने बचपन से सपना देखा, किसी ने परिवार की उम्मीदों के लिए सब कुछ दांव पर लगा दिया, वर्षों तैयारी की। लेकिन मोदी सरकार की भ्रष्ट और निकम्मी व्यवस्था ने उनके सपनों को रौंद दिया।’’ खरगे ने दावा किया कि ‘मोदी राज’ में 90 से ज्यादा प्रश्नपत्र लीक हो चुके हैं तथा नौ करोड़ से ज्यादा छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘बेरोजगारी की आग पहले ही युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है। भाजपा संरक्षित प्रश्नपत्र लीक माफिया सरकार के निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने के दावों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।’’
खरगे का पीएम पर तंज: खुद ‘फैक्ट चेक’ करते हैं, नीट लीक पर चुप क्यों
कांग्रेस अध्यक्ष ने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी जी अब तो खुद ‘फैक्ट चेक’ करने लगे हैं…। कल उन्होंने ‘इज ऑफ लिविंग’ पर पोस्ट किया, पर नीट प्रश्नपत्र लीक और छात्रों की आत्महत्या पर चुप्पी साधे रहे।’’ खरगे ने आरोप लगाया कि ‘नीट-2024’ का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में जिन अधिकारियों पर सवाल उठे, उन्हें सजा नहीं मिली, बल्कि उनको मलाईदार पद दे दिए गए। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि हर साल युवाओं का भविष्य लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री तुरंत इस्तीफा दें। खरगे ने कहा, ‘‘मोदी जी परीक्षा-लीक पर चर्चा कीजिये, चुप रहने से कुछ नहीं होगा।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

