हाइलाइट्स
| 1. मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। 2. पुलिस साथी छात्रों से कर रही है पूछताछ। 3. छात्र के मोबाइल की जांच भी की जा रही है। |
इंदौर (मध्यप्रदेश), 18 मई 2026 (भाषा)
इंदौर में शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एक स्नातकोत्तर छात्र ने सोमवार तड़के संस्थान के छात्रावास की छठी मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
जबलपुर का रहने वाला था, इंदौर से कर रहा था MD
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) तुषार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मृतक की पहचान अमन पटेल (28) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पटेल मूलतः जबलपुर के निवासी थे और इंदौर के महाविद्यालय से एमडी (मेडिसिन) की पढ़ाई कर रहे थे।
नहीं मिला सुसाइड नोट
एसीपी ने बताया, “पहली नजर में लगता है कि पटेल ने संयोगितागंज क्षेत्र में महाविद्यालय के बालक छात्रावास की छठी मंजिल से सोमवार तड़के दो बजे के आस-पास छलांग लगाई।” उन्होंने हालांकि बताया कि घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है और पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। एसीपी ने बताया कि छात्रावास में रहने वाले अन्य विद्यार्थियों और पटेल के परिचितों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है जिससे संकेत मिले कि वह किसी तनाव में थे।
रिपोर्ट मिलने पर साफ होगी मौत की वजह
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पटेल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद उनकी मौत के बारे में अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विद्यार्थी की मौत की सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

