ग्वालियर, 22 जून 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के एक गांव में पति-पत्नी ने शनिवार को एक ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
सामने आई घरेलू विवाद की बात
हस्तिनापुर गांव में हुई इस घटना के पीछे घरेलू विवाद की बात सामने आई है लेकिन जांच के बाद ही तथ्य सामने आएंगे। अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हस्तिनापुर थाना प्रभारी देवेन्द्र लोधी ने बताया कि शनिवार को एक मकान में पति-पत्नी के शव फंदे से लटके होने की सूचना मिली थी।
14 महीने पहले हुआ था दोनों का विवाह
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर विनोद प्रजापति (22) और उसकी पत्नी लक्ष्मी प्रजापति (20) का शव एक ही फंदे पर लटका हुआ मिला। लोधी ने बताया कि दोनों का विवाह 14 महीने पहले हुआ था और ऐसा बताया गया कि दोनों के बीच घरेलू विवाद था, उसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया।
मामला दर्ज कर जांच शुरू
अधिकारी ने बताया कि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला लेकिन फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

