चेन्नई में बिग बैश लीग का मैच भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल ‘रोडमैप’ का मुख्य आकर्षण

चेन्नई में बिग बैश लीग का मैच भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल ‘रोडमैप’ का मुख्य आकर्षण
PM addressing young athletes and members of Australia’s sporting community at iconic Melbourne Cricket Ground (MCG), in Australia on July 10, 2026.
Share this news

मेलबर्न, 10 जुलाई 2026 (भाषा)

भारत-ऑस्ट्रेलिया ने खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, प्रौद्योगिकी और खेल उद्योग में सहयोग बढ़ाने के लिए शुक्रवार को खेल सहयोग ‘रोडमैप’ जारी किया, जिसका मुख्य आकर्षण बिग बैश लीग (बीबीएल) के आगामी सत्र का उद्घाटन मैच चेन्नई में खेला जाना है।

भारत में पहला विदेशी क्रिकेट लीग मैच

ऑस्ट्रेलियाई पुरुष बिग बैश लीग का पहला मैच दिसंबर में एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में मेलबर्न रेनेगेड्स और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच खेला जाएगा। यह भारत में आयोजित होने वाला पहला विदेशी क्रिकेट लीग मैच होगा। बिग बैश लीग में आठ टीम भाग लेती हैं और यह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाद दुनिया की सबसे लोकप्रिय घरेलू क्रिकेट लीग में से एक है। इसे आमतौर पर दिसंबर से फरवरी के बीच आयोजित किया जाता है।

ऑस्ट्रेलिया का गुड डे नमस्ते उत्सव

ऑस्ट्रेलियाई सरकार की विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह मैच दिसंबर में पूरे भारत में आयोजित किए जाने वाले ‘गुड डे नमस्ते’ नामक सप्ताह भर चलने वाले उत्सव का मुख्य आकर्षण होगा। इस उत्सव में ऑस्ट्रेलियाई सांस्कृतिक, व्यावसायिक और खेल आयोजन शामिल होंगे।

मेलबर्न में दोनों प्रधानमंत्रियों ने जारी किया स्पोर्ट्स रोडमैप

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बानीज़ ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेलों के क्षेत्र में सहयोग का ‘रोडमैप’ जारी किया, जिसका उद्देश्य खेल प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण, खेल विज्ञान और प्रौद्योगिकी, और खेल उद्योग और निवेश में साझेदारी को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम में विक्टोरिया प्रांत की प्रीमियर (प्रधानमंत्री) जैसिंटा एलन, वनडे विश्व कप विजेता पूर्व पुरुष कप्तान स्टीव वॉ और महिला कप्तान लिसा स्टालेकर भी उपस्थित थे।

रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करेंगे

विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख तत्वों के रूप में खेल, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों के बढ़ते महत्व को उजागर किया। इस रोडमैप के तहत दोनों देश युवा खिलाड़ियों के बीच अधिक मेलजोल को प्रोत्साहित करने और खेल संबंधों को मजबूत करने के लिए भारत-ऑस्ट्रेलिया युवा खेल महोत्सव का आयोजन भी करेंगे।

मोदी ने ऑस्ट्रेलिया को बधाई

इस पहल का स्वागत करते हुए मोदी ने कहा कि खेलों में लोगों को एकजुट करने की अनूठी क्षमता होती है और यह रोडमैप भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल साझेदारी में विविधता लाने में मदद करेगा। मोदी ने महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने पर ऑस्ट्रेलिया को बधाई दी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया अंतरराष्ट्रीय खेलों में एक महत्वपूर्ण दशक में प्रवेश कर रहे हैं, जिसमें भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की और ऑस्ट्रेलिया 2032 में ब्रिस्बेन में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करेगा।

विदेश से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements