पुरी के जगन्नाथ मंदिर में 19 जुलाई को रत्न भंडार की विशेष फेहरिस्त बनायी जाएगी

पुरी के जगन्नाथ मंदिर में 19 जुलाई को रत्न भंडार की विशेष फेहरिस्त बनायी जाएगी
Share this news

पुरी, 14 जुलाई 2026 (भाषा)

भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र के एक सप्ताह के लिए गुंडिचा मंदिर में प्रवास के दौरान 19 जुलाई को यहां श्री जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार का विशेष सूचीकरण किया जाएगा।

मौसी के घर एक सप्ताह का प्रवास

इस वर्ष 16 जुलाई को रथ यात्रा के दौरान तीनों देव विग्रह 12वीं शताब्दी के श्री जगन्नाथ मंदिर से लगभग 2.6 किलोमीटर दूर स्थित श्री गुंडिचा मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां एक सप्ताह प्रवास के बाद वे 27 जुलाई को मंदिर लौटेंगे, जिसके साथ नौ दिवसीय रथ यात्रा महोत्सव का समापन होगा।

राज्य सरकार की एसओपी (SOP) के तहत होगी पूरी प्रक्रिया

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने बताया कि 19 जुलाई को होने वाले विशेष सूचीकरण के दौरान स्नान यात्रा के समय देव विग्रहों से उतारे गए सोने और अन्य बहुमूल्य आभूषणों का डिजिटल दस्तावेजीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सूचीकरण राज्य सरकार द्वारा अनुमोदित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार किया जाएगा।

चंदन, स्नान और रथ यात्रा के कारण रोका गया था काम

पाढ़ी ने बताया कि आंतरिक रत्न भंडार में सुरक्षित अन्य बहुमूल्य वस्तुओं के सूचीकरण की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। मंदिर प्रशासन ने बताया कि चंदन यात्रा, स्नान यात्रा और रथ यात्रा जैसे पर्वों के मद्देनजर रत्न भंडार के चल रहे सूचीकरण का कार्य 23 मई को रोक दिया गया था। पाढ़ी ने कहा कि रत्न भंडार के सूचीकरण का अत्यधिक धार्मिक महत्व है। उन्होंने सेवायतों, विभिन्न समितियों के सदस्यों, अन्य संबंधित पक्षों औश्रद्धालुओं से 19 जुलाई को सूचीकरण का कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements