खरगोन में प्रेम प्रसंग के शक में नौ बच्चों की मां ने की पति की हत्या

खरगोन में प्रेम प्रसंग के शक में नौ बच्चों की मां ने की पति की हत्या
Share this news

खरगोन, 15 जुलाई 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में पति की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हत्या करने के लिए नौ बच्चों की मां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के बाजार खोदरा चिड़िया गांव का है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान रूमली बाई डुडवे के रूप में हुई है।

पुलिस को गुमराह कर रही थी मृतक की पत्नी

खरगोन के सहायक पुलिस अधीक्षक (नगर) बिट्टू सहगल ने बताया कि मृतक के भाई ने 10 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके भाई इडा डुडवे की हत्या कर दी है, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हुआ कि वारदात किसी बाहरी व्यक्ति ने की है क्योंकि मृतक की पत्नी ने भी पुलिस को यही बताया था।

महिला को पति पर था शक

अधिकारी ने बताया कि हालांकि, मामले की जांच के दौरान पति-पत्नी के बीच लंबे समय से जारी विवादों की जानकारी मिली। सहगल ने बताया कि पूछताछ में रूमली बाई ने हत्या करने का अपना अपराध कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि उसे अपने पति के दूसरी महिला से संबंध होने का संदेह था और उसे डर था कि वह उसे व उनके नौ बच्चों को छोड़कर दूसरी शादी कर लेगा। पुलिस अधिकारी के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

कुल्हाड़ी से कर दी पति की हत्या

उन्होंने बताया कि नौ और 10 जुलाई की दरमियानी रात महिला ने गहरी नींद में सो रहे अपने पति की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। सहगल ने बताया कि वारदात के बाद महिला ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावर द्वारा हत्या किए जाने की कहानी बताई, लेकिन जांच के दौरान उसके बयान और परिस्थितियों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसने सच्चाई इसलिए छिपाई क्योंकि उसे डर था कि अगर ससुराल पक्ष को घटना की जानकारी मिल गई तो वे उसकी जान ले सकते हैं।

तीन बेटे, छह बेटियां

सहगल के अनुसार, दंपती के नौ बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और छह बेटियां शामिल हैं और उनकी उम्र ढाई वर्ष से 16 वर्ष के बीच है। पिता की मौत और मां के जेल जाने के बाद सभी बच्चों को फिलहाल मृतक के बड़े भाई और उनकी नानी की देखरेख में रखा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को अदलत में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements