उज्जैन, 15 जुलाई 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले नें नवोदय विद्यालय के दो विद्यार्थियों की स्कूल परिसर के नजदीक एक तालाब में कथित तौर पर डूबने से मौत हो गई।
सोमवार शाम से ही लापता थे दोनों छात्र
अधिकारी ने बताया कि विद्यालय परिसर में परिजनों के साथ ही रहने वाले 15 वर्षीय प्रज्ञान विमल और 14 वर्षीय रोशन बरेठा सोमवार शाम से ही लापता थे, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने बताया कि प्रज्ञान विमल 10वीं कक्षा का छात्र था जबकि रोशन बरेठा नौवीं कक्षा में पढ़ रहा था।
सर्च ऑपरेशन में एक छात्र का शव बरामद
घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संभावना जताई गई है कि दोनों सोमवार शाम करीब छह बजे तालाब में नहाने के लिए गए थे और इसी दौरान वे हादसे के शिकार हो गए। उन्होंने बताया कि परिजन और स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने देर रात तलाश शुरू की तथा अगले दिन सुबह पास ही के तालाब में प्रज्ञान का शव बरामद किया।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी मौत की असली वजह
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद तत्काल राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को सूचना दी गई और बचाव अभियान चलाया गया, जहां दोपहर को रोशन बरेठा का भी शव बरामद कर लिया गया। उप विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) राजाराम करजरे ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि जांच में आए तथ्यों से ही दोनों नाबालिगों के मौत की वजह पुष्ट हो सकेगी।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

