उमरिया (मप्र), 14 अगस्त 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य में बुधवार को बाघिन ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया, लेकिन इस दौरान व्यक्ति की भैंसों ने बाघिन पर धावा बोलकर उसे खदेड़ दिया और उसकी जान बचा ली। हालांकि, इस हमले में व्यक्ति के हाथ में चोट आई है।
भैंसों ने जान जोखिम में डालकर मालिक को बचाया
बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि पनपथा के कोर क्षेत्र में रामनरेश सिंह (36) अपने मवेशियों की तलाश कर रहे थे तभी उनका सामना अपने शावक के साथ विचरण कर रही एक बाघिन से हो गया। उन्होंने बताया कि बाघिन ने सिंह पर हमला कर दिया जिसमें उसके हाथ में चोटें आईं। बाघिन सिंह को खींचकर ले जाने का प्रयास कर रही थी, तभी उनकी भैंसें बाघिन की ओर दौड़ पड़ीं और उसे जंगल की ओर खदेड़ दिया।
मालिक की पुकार पर दौड़ीं भैंसें
सिंह ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मेरी भैंसों ने मेरी जान बचाई। अगर वे वहां नहीं होतीं तो मैं जिंदा नहीं बचता।’’ उन्होंने बताया कि बाघिन ने उन्हें पकड़ लिया था और उस समय उन्हें लगा था कि अब उनकी जान नहीं बचेगी। सिंह ने कहा, ‘‘मुझे लगा कि मेरी जिंदगी खत्म हो गई है। अगर भैंसों ने मुझे नहीं बचाया होता तो बाघिन मुझे खींचकर ले जाती।’’
साथियों ने दिया प्राथमिक उपचार
घटना के बाद सिंह के साथियों ने उन्हें जंगल में घायल अवस्था में देखा। उन्होंने उनके हाथ पर पट्टी बांधी और रक्तस्राव रोकने में मदद की। बाद में वनकर्मी उन्हें अस्पताल ले गए। सहाय ने बताया कि सिंह को तत्काल मानपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य है। वन विभाग ने उन्हें तत्काल सहायता के तौर पर 3,000 रुपये दिए हैं। घटना के बाद इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

