ग्वालियर, 03 सितंबर 2026 (भाषा)
लगातार बारिश के कारण बृहस्पतिवार तड़के ग्वालियर इमारत हादसा सामने आया, जहाँ एक पुराने दो मंजिला भवन की छत ढह गई। इस दर्दनाक हादसे की चपेट में आने से एक महिला और उसके दो वर्षीय पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए।
डबरा के जंगीपुरा में गिरी दो मंजिला छत
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा ग्वालियर जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर डबरा कस्बे के जंगीपुरा इलाके में हुआ। डबरा थाना प्रभारी संजय शर्मा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जंगीपुरा इलाके में एक पुराना दो मंजिला मकान था, जिसकी छत रात 12 बजे के बाद अचानक गिर गई। उन्होंने कहा कि मलबे की चपेट में जागेन्द्र रजक (38) का पूरा परिवार आ गया और उसकी पत्नी सीमा (35) और पुत्र आदित्य (2) की मौत हो गई।
दो बेटियों का अस्पताल में इलाज जारी
शर्मा ने बताया कि जागेंद्र रजक और उनकी दोनों बेटियां रागिनी (8) और वैशाली (5) का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि यह परिवार कई वर्षों से इस मकान में किराए से रहता था। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से इस हादसे के पीड़ितों को हरसंभव मदद की जाएगी।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

