नयी दिल्ली, 16 सितंबर 2026 (भाषा)
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय वस्तुओं पर 100 प्रतिशत तक अमेरिकी शुल्क लगाए जाने का प्रस्ताव इस बात का प्रमाण है कि मोदी सरकार की विदेश नीति और व्यापार नीति दोनों ‘‘बुरी तरह विफल’’ हो चुकी हैं और ‘‘हाउडी मोदी’’ वाशिंगटन के सामने समर्पण करते जा रहे हैं।
खरगे ने अमेरिकी टैरिफ खतरे पर जताई चिंता
खरगे की यह टिप्पणी अमेरिकी प्रतिनिधि सभा द्वारा एक विधेयक को आगे बढ़ाने के पक्ष में मतदान किए जाने के बाद आई है। इस विधेयक में रूस से तेल और गैस खरीदने वाले भारत तथा अन्य देशों पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने और ईरान पर मौजूदा प्रतिबंधों को बढ़ाने का अधिकार देने का प्रावधान है।
ट्रंप की चेतावनी और पीएम मोदी पर हमला
इसको लेकर खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नरेन्द्र मोदी जी, आपके प्रिय मित्र ‘अबकी बार, ट्रंप सरकार’ हुक्म देते हैं, आप समर्पण कर देते हैं और 140 करोड़ भारतवासियों को इसके परिणाम भुगतने पड़ते हैं।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘भारतीय वस्तुओं पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाए जाने की धमकी दर्शाती है कि मोदी सरकार की विदेश और व्यापार नीतियां बुरी तरह विफल रही हैं।’’
उनका कहना है कि दवाइयों, कपड़ा, इंजीनियरिंग से संबंधित वस्तुओं, रसायन, ऑटो के कलपुर्जों, रत्न एवं आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों को शुल्क के गंभीर झटके का सामना करना पड़ सकता है।
100% शुल्क की धमकी और कृषि संकट
उन्होंने कहा, ‘‘पहले 25 प्रतिशत शुल्क लगा, फिर 50 प्रतिशत और अब 100 प्रतिशत शुल्क की धमकी दी जा रही है। इस बीच, मोदी सरकार ने एक ऐसे व्यापार ढांचे पर सहमति जताई है जो भारत के कृषि उत्पादों तक अमेरिकी पहुंच बढ़ाता है और हमारे किसानों के हितों को गिरवी रखता है! यह ढांचा पांच साल में 500 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के अमेरिकी सामान खरीदने के लिए लगभग बाध्य करता है।’’
हाउडी मोदी, लगातार समर्पण करते जा रहे : खरगे
खरगे ने कहा, ‘‘यूपीआई पर एमडीआर को लेकर कल किया गया समर्पण आपकी सरकार की कमजोरी का एक और स्पष्ट उदाहरण है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘शुल्क और व्यापार से लेकर एच-1बी वीजा, आव्रजन, वीजा और डिजिटल भुगतान तक, वाशिंगटन का दबाव लगातार बढ़ रहा है और आप, ‘हाउडी मोदी जी’, लगातार समर्पण करते जा रहे हैं।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

